Noida News : नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी ने सफाई कर्मचारियों के 6 नेताओं के खिलाफ दर्ज करवाया मुकदमा
Noida News : नोएडा विकास प्राधिकरण में तैनात एक अधिकारी ने सफाई कर्मचारियों के आधा दर्जन नेताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि ये लोग सफाई कर्मचारियों को भड़काकर धरना प्रदर्शन करवा रहे हैं, सरकारी कार्य में बाधा डाल रहे हैं, तथा नोएडा क्षेत्र में गंदगी फैलाने मे भूमिका निभा रहे हैं। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Police Station Phase 1 Noida News : थाना फेस- वन के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मान ने बताया की बीती रात को हरेंद्र सिंह मलिक अवर अभियंता नोएडा विकास प्राधिकरण ने थाने में सफाई कर्मचारियों के नेता सतबीर मकवाना, साधु मकवाना, सुनील टोंक, बबलू पार्चा, रवि पार्चा, राधे पार्चा को नामित करते हुए मुकदमा दर्ज करवाया है। उन्होंने बताया कि उनके अनुसार यह लोग नोएडा विकास प्राधिकरण के अंतर्गत सफाई का काम करने वाले सफाई कर्मियों को भड़का रहे हैं। आए दिन उन्हें धरना प्रदर्शन के नाम पर अपने साथ जोड़ लेते हैं, और सफाई कार्य को प्रभावित कर रहे हैं। सरकारी कार्य में बाधा डाल रहे हैं। उनके इस कृत्य से नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में रहने वाले लोगों के लिए काफी परेशानियां पैदा हो रही है। क्योंकि सभी जगह गंदगी फैली हुई है, और बीमारी का खतरा बना हुआ है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि ये लोग आए दिन नोएडा विकास प्राधिकरण के दफ्तर पर आकर हड़ताल करते हैं, तथा प्राधिकरण के अधिकारियों से अभद्र व्यवहार करते हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

