Dadri News : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
Dadri News : थाना दादरी में भारतीय जनता पार्टी के एक नेता ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को आहत करने के उद्देश्य से बयान देने का आरोप लगाते हुए आज मुकदमा दर्ज करवाया है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना दादरी के प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के नेता वेद नागर ने आज सुबह को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह गुर्जर समाज से आते हैं। उनके समाज के लोग भगवान शिव की उपासना करने वाले, भगवान विष्णु और भगवान श्री राम की परंपरा में आस्था रखने वाले सनातनी माने जाते हैं।उनके अनुसार हमारे पूर्वजों ने सनातन धर्म, राष्ट्र और संस्कृति की रक्षा के लिए अनगिनत बलिदान दिया है। चक्रवर्ती सम्राट मिहिर भोज; वीरांगना राम प्यारी गुर्जर, राजमाता गुजरी तथा रामावतार भाटी जैसे ऐतिहासिक व्यक्ति गुर्जर समाज के गौरवशाली इतिहास के परंपरा के प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा है कि गौरवशाली इतिहास वाले गुर्जर समाज में जन्म लेने वाले राजकुमार भाटी द्वारा दिल्ली के एक सार्वजनिक कार्यक्रम में हिंदू देवी देवताओं, भगवान श्री राम, भगवान श्री कृष्णा तथा सनातन धर्म की मान्यताओं के निषेध से संबंधित प्रतिज्ञाएं दोहराना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाती है। उन्होंने कहा कि राजकुमार भाटी ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए अपने ही धर्म, आराध्य देवी देवताओं और सनातन धर्म का सार्वजनिक रूप से अपमान किया है। यह किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं है। उन्होंने कहा कि यह सनातन समाज की आस्था और सम्मान से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा है कि हमारा गुर्जर समाज किसी एक व्यक्ति की राजनीतिक पहचान से नहीं, बल्कि अपने गौरवशाली इतिहास, सनातन, संस्कार, राष्ट्रभक्ति और पूर्वजों की बलिदानों से पहचाना जाता है।
उन्होंने कहा है कि गुर्जर समाज ऐसे किसी व्यक्ति को अपना आदर्श नहीं मानता जो सनातन धर्म की मान्यताओं के विरुद्ध सार्वजनिक रूप से प्रतिज्ञाएं दोहराता है। उन्होंने आरोप लगाया है कि राजकुमार भाटी के इस कृत्य से गुर्जर समाज और सनातन धर्म के मानने वाले लोगों की आस्थाओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने बताया कि इस मामले में उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 352,353(2) और 356 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस बाबत सपा नेता राजकुमार भाटी से बात करने का प्रयास किया गया तो, उनके सहायक ने फोन उठाया और कहा कि अभी वह व्यस्त हैं, किसी चैनल पर इंटरव्यू दे रहे हैं।

