Noida News : आधा दर्जन दुकानों में लगी आग, जलने से एक व्यक्ति की मौत

Oct 24, 2026 - 16:24
Noida News : आधा दर्जन दुकानों में लगी आग, जलने से एक व्यक्ति की मौत

Noida News : थाना सेक्टर 126 क्षेत्र के रायपुर गांव के पास बनी दुकानों में शनिवार दोपहर को भयंकर आग लग गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

अपर पुलिस उपायुक्त अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि शनिवार दोपहर को सेक्टर 126 थाना क्षेत्र के रायपुर गांव के पास बनी अस्थाई दुकानों में अज्ञात कारण से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आधा दर्जन दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की 6 गाड़ियों ने करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि कूल डाउन के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति एक दूकान के अंदर जली हुई अवस्था में मिला। उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 उन्होंने बताया कि पुलिस मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि एक दुकान की मरम्मत का काम चल रहा था। एयर कंडीशन और बोर्ड वगैरह लगाने का काम चल रहा था। ग्राइंडर से एक कारीगर लोहे का एंगल काट रहा था। पुलिस को आशंका है कि ग्राइंडर से लोहा काटते समय निकली चिंगारी की वजह से आग लगी है।