Dadri News : पुलिस मुठभेड़ में शातिर बदमाश घायल
Dadri News : थाना दादरी पुलिस ने सोमवार की देर रात को एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली उक्त बदमाश के पैर में लगी है।
पुलिस उपायुक्त जोन तृतीय श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि थाना दादरी पुलिस सोमवार की देर रात को बोड़ाकी गांव के पास बैरियर लगाकर चेकिंग कर रही थी, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो लोग आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रूकने का इशारा किया तो वे वहां से भाग निकले। पीछा करके पुलिस ने उन्हें घेर लिया। अपने आपको पुलिस से घिरा हुआ देख बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। उन्होंने बताया कि जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली लोकेश पुत्र रामकुमार उम्र 23 वर्ष निवासी जनपद बुलंदशहर के पैर में लगी है। उन्होंने बताया कि इसका एक अन्य साथी मौके से भाग गया। उन्होंने बताया कि उक्त बदमाश के पास से पुलिस ने एक देसी तमंचा, विभिन्न जगहों से लूटे हुए 9 मोबाइल फोन, चोरी की 5 मोटरसाइकिल, चोरी के चांदी के सिक्के आदि बरामद किया है। उन्होंने बताया कि यह बदमाश अपने साथियों के संग मिलकर एनसीआर में लूटपाट और चोरी की वारदातें करता है। इसके खिलाफ पूर्व में कई मुकदमे दर्ज हैं।

