Noida News : चाकू से हमला कर पत्नी की हत्या करने वाले को आजीवन कारावास
Noida News : जनपद गौतमबुद्ध नगर की एक अदालत ने अपनी पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या करने वाले पति को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर 55 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना अदा नहीं करने पर एक साल का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
डीजीसी अपराध ब्रह्मजीत सिंह भाटी ने बताया कि घटना नोएडा के सलारपुर गांव में आठ नवंबर 2022 की है। अजय भदौरिया ने किराये के कमरे में अपनी पत्नी अनीता पर चाकू से हमला कर दिया था। उस समय उनके दोनों बेटे कमरे के बाहर मौजूद थे। मां पर हमला होते देख दोनों ने शोर मचाया और अपनी नानी व मामा को मौके पर बुलाया। गंभीर रूप से घायल अनीता को यथार्थ अस्पताल भर्तीकरायागया, जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। मामले में मृतका के मामा की गवाही अभियोजन के लिए सबसे अहम साबित हुई। अदालत को उन्होने बताया कि शोर सुनकर मौके पर पहुंचने के बाद उन्होंने खिड़की से देखा था कि अजय अपने बैग से चाकू निकालकर अनीता पर वार कर रहा था। आरोपी ने पहले उसके गले, फिर हाथ और इसके बाद पीठ पर चाकू से हमला किया।
अनीता जमीन पर पड़ी थी और कमरे में खून फैला हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मृतका के शरीर पर चाकू के सात घाव मिलने की पुष्टि हुई। सुनवाई के दौरान मृतका के दोनों बेटों ने अदालत में अलग कहानी पेश की। उन्होंने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बाहर से आकर उनकी मां की हत्या की थी। हालांकि, अदालत ने उनके बयानों को विरोधाभासी और अविश्वसनीय माना। खास बात यह रही कि आरोपी ने भी अपने बयान में किसी तीसरे व्यक्ति के वारदात में शामिल होने की बात नहीं की।
उन्होंने बताया कि हत्या में इस्तेमाल चाकू घटना के अगले दिन आरोपी की निशानदेही पर बाथरूम से बरामद किया गया था। अदालत ने माना कि चौथी मंजिल पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा पहुंचकर हत्या करना और बिना पकड़े वहां से भाग जाना परिस्थितियों के लिहाज से विश्वसनीय नहीं है। मृतका के मामा के बयान को स्वाभाविक और भरोसेमंद मानते हुए अदालत ने उसे सजा का प्रमुख आधार बनाया। अदालत ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि किसी मामले में दोषसिद्धि के लिए गवाहों की संख्या नहीं, बल्कि उनकी गवाही की विश्वसनीयता महत्वपूर्ण होती है। एक चश्मदीद गवाह का बयान भी स्पष्ट और भरोसेमंद होने पर सजा का आधार बन सकता है। गवाह का आरोपी का रिश्तेदार होना मात्र उसकी गवाही को संदिग्ध नहीं बनाता। अदालत ने यह भी कहा कि किसी गवाह के पक्षद्रोही (होस्टाइल) होने पर उसकी पूरी गवाही खारिज नहीं की जाती, बल्कि उसके विश्वसनीय हिस्से पर भरोसा किया जा सकता है। अदालत ने हत्या की गंभीरता और चाकू के इस्तेमाल समेत सभी परिस्थितियों पर विचार किया। हालांकि, मामले को दुर्लभ से दुर्लभतम श्रेणी का नहीं मानते हुए मृत्युदंड के बजाय आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
पुलिस जांच में यह सामने आया था कि महिला आरोपी के साथ सलारपुर गांव में रहती थी। महिला एक कंपनी में काम करती थी। घटना से कुछ दिन पहले ही आरोपी महिला के नौकरी छोड़ने से नाराज था। दोनों में आए दिन कहासुनी होने लगी थी। घटना वाले दिन आरोपी शराब के नशे में था। उसे शराब पीने के लिए और रुपये चाहिए थे। वह महिला से रुपये मांग रहा था। महिला द्वारा रुपये न देने पर आरोपी ने चाकू से गर्दन और हाथ पर वार कर पत्नी को घायल कर दिया था।

