Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा वेस्ट की समस्याओं को लेकर सपा महिला सभा ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
Greater Noida News : गौतमबुद्ध नगर समाजवादी पार्टी (महिला सभा) की जिलाध्यक्ष एवं अखिल भारतीय यदुवंशी महासभा उत्तर प्रदेश की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. शशि बाला यादव ने जिलाधिकारी मेधा रूपम को ग्रेटर नोएडा वेस्ट की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में ग्रेटर नोएडा वेस्ट, गौर सिटी-2 सहित पूरे क्षेत्र में तेजी से बढ़ती आबादी के बावजूद मूलभूत नागरिक सुविधाओं के अभाव पर चिंता जताई गई। डॉ. शशि बाला यादव ने क्षेत्र में गंगा जलापूर्ति योजना को शीघ्र शुरू करने, मेट्रो परियोजना का विस्तार करने, रेलवे कनेक्टिविटी मजबूत करने, सार्वजनिक बस सेवाओं की संख्या बढ़ाने तथा जर्जर एवं क्षतिग्रस्त सड़कों का तत्काल निर्माण एवं मरम्मत कराने की मांग की।
डॉ. शशि बाला यादव ने कहा कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट लाखों लोगों का प्रमुख आवासीय क्षेत्र बन चुका है, लेकिन आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की कमी के कारण लोगों को प्रतिदिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल, बेहतर सार्वजनिक परिवहन और सुरक्षित सड़कें प्रत्येक नागरिक का अधिकार हैं। इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई होने से क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी और नागरिकों को राहत मिलेगी।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद जिलाधिकारी मेधा रूपम ने संबंधित विभागों के माध्यम से सभी मांगों का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।

