Noida News : सपा -कांग्रेस में गठबंधन को लेकर तकरार, 70 से 90 के बीच बन सकती है बात, काग्रेस को मिल सकती है नोएडा सीट
Noida News : उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में क्या साइकिल और हाथ का मिलन होगा। क्या यह गठबंधन मजबूती से आगे बढ़ेगा। इस पर अभी तक यक्ष प्रश्न लगा हुआ है। दोनों पार्टियों के बड़े नेता अपने-अपने हिसाब से दावे कर रहे हैं। सपा के नेता कह रहे हैं कि जिसकी जहां मजबूत स्थिति है वहां पर वह चुनाव लड़े। वहीं कांग्रेस के नेता कह रहे हैं कि उनकी पार्टी राष्ट्रीय पार्टी है, और कम से कम तीन डिजिट सीटों पर उनकी दावेदारी है। चर्चा तो यहां तक है कि भारतीय जनता पार्टी के एक बड़े नेता के दबाव में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के कुछ बड़े नेता अपनी फाइलों के डर से इस गठबंधन को ही तोड़ने पर तुले हैं। वे लोग जानबूझकर इस तरह के अड़ंगा लगा रहे हैं कि राहुल और अखिलेश के रिश्तों में खटास उत्पन्न हो और मजबूत गठबंधन एक बार फिर से बिहार की तर्ज पर ध्वस्त हो जाए।
राजनीति के जानकारी का कहना है कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का 2017 के विधान सभा चुनाव में गठबंधन हुआ था। 403 मे से कांग्रेस ने 105 सीटों चुनाव लड़ा, जबकि 12 सीटों पर फ्रेंडली फाइट हुई। उनके अनुसार वर्ष 2024 में लोकसभा की 80 सीटों में से 17 पर कांग्रेस चुनाव लड़ी। बाकी सीटों पर सपा लड़ी। कांग्रेस द्वारा लड़ी गई इन 17 लोकसभा सीटों में 85 से 90 विधानसभा सीट आती है।इनमे 30 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस को लीड मिली और 40 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस दूसरे नंबर पर रही थी। राजनीति के जानकारों का कहना है कि अगर आंकड़े के हिसाब से देखें तो यह गठबंधन 70 से 90 के बीच में हो सकता है। उनके अनुसार कांग्रेस 100 से ऊपर सीट चाह रही है, ताकि उनके कार्यकर्ताओं और वोटरों का मनोबल बढ़े।
इसी दौरान समाजवादी पार्टी ने अभी तक 7 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। इस बात को लेकर भी कांग्रेस के नेता आग बबूला है। इमरान मसूद से लेकर राजेंद्र पाल तक इस पर उग्र बयान दे रहे हैं। बताया जाता है कि कांग्रेस के बड़े नेता अभी चुपी साधे हुए हैं। वे मूक दर्शक बनकर इस विवाद के चरम पर पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि वह अपना अंतिम निर्णय दे सकें। सूत्रों का दावा है कि कांग्रेस के बड़े नेता भी सपा की हरकतों से नाराज हैं, और उन्होंने अपने मुखर नेताओं को बयान बाजी के लिए आगे कर दिया है।
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के गठबंधन की चर्चा के बीच आजकल शहर मे एक बात तेजी से उभर कर सामने आ रही है कि नोएडा विधानसभा सीट कांग्रेस के खाते में जा सकती है। अभी हाल ही में वैश्य समाज से संबंध रखने वाले एक समाजसेवी ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है। वह हाई राइज सोसाइटियों में रहने वाले लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते रहे हैं, तथा उनकी उनके समाज और यहां की सोसाइटी मे रहने वाले लाखों लोगों में अच्छी पकड़ है। बताया जाता है कि समाजवादी पार्टी से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे एक शिक्षाविद द्वारा हाल ही में आयोजित किए गए कुछ कार्यक्रमों के चलते वह पार्टी के बीच विवादों में आ गए हैं। उन पर सपा के नेताओं ने ही कई गंभीर आरोप जड़ दिए है। राजनीति के जानकारों का कहना है कि वह साइकिल पर सवारी करना चाह रहे हैं, लेकिन उनकी नीतियां और संबंध भगवाधारी नेताओं से है। जहां समाजवादी पार्टी सर्व धर्म की बात कहती है, उनके राष्ट्रीय स्तर के नेता भी सार्वजनिक रूप से किसी धर्म का पक्षपात नहीं करते, वही वह राम कथा, मंदिर दर्शन, गंगा स्नान के कार्यक्रम बढ़-चढ़कर आयोजित कर रहे हैं। राजनीति के जानकारों का कहना है कि नोएडा विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के पास खोने के लिए कुछ खास नहीं है। अब तक सपा इस सीट पर एक बार भी नहीं जीती है। 2022 के में 1,81,000 मतो की हार,नोएडा विधानसभा से 2024 लोकसभा चुनाव में आश्रय गुप्ता के कार्यकाल में 244000 वोट से हार हुई यें एक रिकॉर्ड हार थी,इसलिए यह सीट सपा-गठबंधन मे कांग्रेस को देकर इस महानगर में हो रही लगातार हार के कलंक से भी बचना चाहेगी।

