Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण ने किया अवैध निर्माण ध्वस्त, करीब 24 करोड़ की संपत्ति कराई कब्जे से मुक्त

Nov 23, 2026 - 19:06
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण ने किया अवैध निर्माण  ध्वस्त, करीब 24 करोड़ की संपत्ति कराई कब्जे से मुक्त
अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के अधिकारी

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ प्राधिकरण ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। छपरौला में सहारा समतल के पास अवैध रूप से बनाए गए मकानों और प्रॉपर्टी डीलरों के दफ्तरों पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। करीब तीन घंटे चली कार्रवाई में तीन एकड़ जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया। इसकी अनुमानित कीमत 24 करोड़ रुपये है।

नोएडा विकास प्राधिकरण के ओएसडी मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि प्राधिकरण के उच्चाधिकारियों को शिकायत मिली थी कि अधिसूचित क्षेत्र में सहारा समतल के पास बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण किया जा रहा है। कालोनाइजर बिना अनुमति के कालोनी विकसित कर रहे हैं। इस पर अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। ग्रेटर नोएडा के सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर प्राधिकरण के परियोजना विभाग की टीम सोमवार को पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और करीब तीन एकड़ जमीन पर हुए अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।

 

उन्होंने बताया कि लगभग तीन घंटे की कार्रवाई में अवैध रूप से बने मकानों और प्रॉपर्टी डीलरों के दफ्तरों को ढहा दिया। इसके अतिरिक्त जमीन कब्जाने के लिए बनाई गई चारदीवारी को भी तोड़ दिया गया। ओएसडी ने बताया कि सहारा समतल क्षेत्र ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित क्षेत्र में है। यहां पर प्राधिकरण की अनुमति के बिना निर्माण करने की छूट नहीं है। अनुमति के बिना अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने अपील की है कि ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर पूरी जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। अवैध कॉलोनी में अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं।अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन पुलिस बल मौजूद होने की वजह से कारवाई प्रभावित नहीं हुई।