Election News : सपा रामभक्तों पर गोलियां चलवाती थी, आज फूल बरस रहे हैं  : सीएम योगी 

May 21, 2024 - 19:59
Election News : सपा रामभक्तों पर गोलियां चलवाती थी, आज फूल बरस रहे हैं  : सीएम योगी 

Sant Kabir Nagar News : समाजवादी पार्टी राम भक्तों पर गोलियां चलवाती थी। वहीं आज अयोध्या में राम भक्तों पर पुष्प वर्षा हो रही है। सपा के लोग कहते थे कि अयोध्या में परिंदा भी पर नहीं मार सकता है। आज वहां रामभक्तों की आवभगत हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर अयोध्या को त्रेता युग का गौरव दिलाने का काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों में देश में बड़ा परिवर्तन आया है।  


देश में विकास के बड़े-बड़े कार्य हो रहे हैं। देश हाईवे, रेलवे, मेडिकल कॉलेज, आईआईटी, आईआईएम का निर्माण हो रहा है। इसके अलावा गोरखपुर में एम्स और फर्टिलाइजर कारखाना फिर से चालू हो गया है। साथ ही संत कबीर नगर में बाबा तामेश्वरनाथ का धाम को भी विकसित किया जा रहा है। संत कबीर नगर की पावन महानिर्वाण स्थल को कबीर पीठ के रूप में एक बार फिर से शोध और इनोवेशन के नए केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को संत कबीर नगर के मेंहदावल विधानसभा में संत कबीर नगर लोकसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। 


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के समय देश में आतंकी घटनाएं होती थी। इनसे देशवासी कहते थे कि आतंकवाद से निपटो, लेकिन यह कहते थे कि आतंकवादी सीमा पार के हैं। सीएम योगी ने कहा कि इंडी गठबंधन का अपना कोई एजेंडा नहीं है। यह अनुसूचित और पिछड़ी जाति के आरक्षण में सेंध लगा कर मुसलमानों को देना चाहता हैं, जिसे हम स्वीकार नहीं करेंगे। 


उन्होंने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने भी कहा था कि भारत में धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं हो सकता है। यह आरक्षण अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ी जाति को संविधान द्वारा दिया गया है और यह मिलता रहेगा। वहीं राहुल गांधी और अखिलेश यादव का बयान जाहिर करता है कि उनकी मंशा जनता जनार्दन के प्रति अच्छी नहीं है। ऐसे में हमें इनसे सतर्क रहने की जरूरत है। यह लोग सत्ता में आएंगे तो विरासत टैक्स लगाएंगे। यह विरासत टैक्स औरंगजेब का जजिया कर है। यह इनकी खतरनाक मंशा है, जिसे सफल नहीं होने देना है।  देश की जनता भी इनकी मंशा जान चुकी है इसलिए पूरे देश में एक बार फिर मोदी सरकार और अबकी बार 400 पार का नारा लगा रही है। वह कहते हैं जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे। एक तरफ अयोध्या में 500 वर्षों के बाद रामलला अपने दिव्य और भव्य मंदिर में विराजमान हुए हैं। वहीं दूसरी ओर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि, रैन बसेरे का नाम निषाद राज और भोजनालय का नाम माता शबरी के नाम पर रखा गया है। यह हमारी विरासत के सम्मान को दर्शाता है।