Greater Noida News : रसगुल्लों में मिले मच्छर- मक्खियों

Nov 2, 2026 - 23:13
Greater Noida News : रसगुल्लों में मिले मच्छर- मक्खियों
मिठाई की फैक्ट्री में जांच करते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी

Greater Noida News : जनपद गौतम बुद्ध नगर की खाद्य विभाग की टीम को सोमवार को छापेमारी के दौरान मिठाई की फैक्टरियों में तैयार रसगुल्लों में मच्छर-मक्खियां मिलीं। इसके चलते 360 किलोग्राम रसगुल्ले नष्ट करा दिए गए। साथ ही नौ नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।

 खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त सर्वेश कुमार मिश्र ने बताया कि जोधपुरवाला स्थित मिठाई की फैक्टरी से केसर चमचम और लड्डू के नमूने लिए गए। देवला स्थित सोनू पाल की फैक्टरी से दूध, छेना और रसगुल्ले के नमूने लिए गए। यहां करीब 300 किलोग्राम रसगुल्लों में मक्खी और मच्छर पाए गए। प्रथम दृष्टया ये मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त मिले।

उन्होंने बताया कि इसके चलते उन्हें नष्ट करा दिया गया। इसी तरह तिलपता कर्णवास स्थित मुलायम सिंह की मिठाई की फैक्टरी से बूंदी के लड्डू और रसगुल्ले के नमूने लिए गए। वहीं, गढ़ी बावन बीघा स्थित कृष्णा स्वीट भंडार से रसगुल्ले और डोडा बर्फी का नमूना लिया गया। यहां भी रसगुल्लों में मक्खी और मच्छर पाए जाने पर करीब 60 किलोग्राम रसगुल्लों को नष्ट कराया गया। अभियान के दौरान नौ खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। जांच में नमूने फेल होने के बाद संबंधित दुकानदार के खिलाफ कोर्ट में वाद दायर कराकर कार्रवाई की जाएगी।