Greater Noida News : फूल तोड़ने गए पिता -पुत्र 23 वीं मंजिल से नीचे गिरे, मौत
Greater Noida News : थाना बिसरख क्षेत्र में स्थित महागुन मायवुड सोसाइटी में स्थित अपने फ्लैट की बालकनी के गमले मे लगी लता से आज सुबह को फूल तोड़ रहे पिता- पुत्र 23 वीं मंजिल से नीचे गिर गए। इस घटना में दोनों की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस उपायुक्त जोन (द्वितीय) डॉक्टर प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि आज सुबह को पुलिस को सूचना मिली कि महागुन मायवुड सोसाइटी में 23वीं मंजिल पर रहने वाले रणदीप पात्रा (40) पुत्र अमन कुमार पात्रा उनका बेटा आरव (11) बालकनी से नीचे गिर गए हैं। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान मृतक रणदीप की पत्नी ने बताया कि राजस्थान के खाटू श्याम में एक संपत्ति की आज रजिस्ट्री होनी थी। पिता पुत्र घर से जल्दी निकलने की तैयारी मे थे। उनके अनुसार दोनों पूजा के लिए घर से ताजा फूल तोड़ने के लिए गए। उन्होंने बताया की बालकनी के गमले में फूल की लता लगी है, जो रस्सी के सहारे ऊपर तक गई है। पिता -पुत्र सीढ़ी लगाकर बालकनी के ऊपरी भाग से फूल तोड़ने का प्रयास कर रहे थे, तभी असंतुलित होकर दोनों नीचे गिर गए। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

