Greater Noida News : वन विभाग ने रेस्क्यू कर सात उल्लूओ को पकड़ा, वेटलैंड में सुरक्षित छोड़ा

Sep 14, 2026 - 23:45
Greater Noida News :  वन विभाग ने  रेस्क्यू कर सात उल्लूओ को पकड़ा, वेटलैंड में सुरक्षित छोड़ा
पिंजरे में बंद वन विभाग द्वारा रेस्क्यू किए गए उल्लू

Noida News : जनपद गौतम बुद्ध नगर के वन विभाग की टीम ने सोमवार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट ला रेजिडेंशिया सोसायटी से उल्लू के जोड़े और उनके पांच चूजों को रेस्क्यू किया है। जोड़ों ने टावर 5 के साफ्ट में आशियाना बनाया था। करीब एक से डेढ़ माह पहले मादा उल्लू ने चूजों को जन्म दिया था। इसके बाद चूजों की सुरक्षा को लेकर जोड़ा आक्रामक हो गया था। एक सप्ताह के अंदर सात निवासियों पर दोनों ने हमला कर दिया था। वन विभाग ने रेस्क्यू कर सभी उल्लू को सूरजपुर वेटलैंड में छोड़ दिया है।

 प्रभागीय वनाधिकारी रजनीकांत मित्तल ने बताया कि उल्लुओं के हमले की शिकायत निवासियों ने वन विभाग से की थी। विभाग दो दिनों से उल्लूओ पर नजर रख रहा था। विशेषज्ञों की मदद से वन विभाग ने उनके ठिकानों का पता लगाया। उन्होने बताया कि सोमवार की शाम को 4 बजे विभाग की टीम सोसाइटी पहुंची। और एक घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि जोड़े ने ग्राउंड फ्लोर पर सॉफ्ट के अंदर डेढ़ फीट जगह में घोंसला बना रखा था। टीम ने सॉफ्ट का एक हिस्सा गत्ते से बंद किया। उसके बाद नीचे से उल्लू के जोड़े और उनके चूजों को रेस्क्यू किया। अधिकारियों ने बताया कि चूजे उड़ सकते हैं लेकिन अभी ज्यादा दूर तक नहीं जा सकते हैं। वहीं उल्लुओं के पकड़े जाने पर निवासियों ने राहत की सांस ली। वन विभाग के अधिकारियों ने आशंका जताई है की चूजों के साथ छेड़छाड़ की गई थी। इस कारण ही उल्लू का जोड़ा आक्रामक हो गया था, और हमला करने लगा था। हालांकि निवासियों ने इस बात से इनकार किया है।