Noida News : गौतम बुद्ध नगर बना सियासी अखाड़ा, भाजपा, सपा और बीएसपी ने की यहां से चुनावी शंखनाद की तैयारी

Feb 15, 2026 - 11:59
Feb 15, 2026 - 11:59
Noida News : गौतम बुद्ध नगर बना सियासी अखाड़ा, भाजपा, सपा और बीएसपी ने की यहां से चुनावी शंखनाद की तैयारी

Noida News : यूपी मिशन -2027 के लिए उत्तर प्रदेश में सियासी माहौल गरमाता जा रहा है। इस विधानसभा चुनाव में गौतम बुद्ध नगर सभी दलों के लिए अहम माना जा रहा है। इसी कड़ी में भाजपा यहां अगले माह में दो बड़ी जनसभाएं करने जा रही है। सपा ने भी अपना चुनावी शंखनाद इसी जिले से शुरू करने की तैयारी की है। बसपा भी राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल पर मार्च माह में विशाल कार्यक्रम आयोजित करेगी।

 उत्तर प्रदेश की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले गौतम बुद्ध नगर इस बार राजनीति का अखाड़ा बनता जा रहा है। दिल्ली से सटे होने के चलते यह उत्तर प्रदेश का शो विंडो भी कहलाता है। यहां पर सबसे अधिक निवेश आ रहे हैं, और यहां पर एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनकर तैयार है। इसके शुभारंभ की तैयारी शुरू हो चुकी है। गौतम बुद्ध नगर में होने वाले विकास कार्यों पर सभी राजनीतिक दल अपना- अपना दावा करते हैं। इस बार के विधानसभा चुनाव मे यूपी के तीनों बड़े राजनीतिक दल अपने चुनावी अभियान की शुरुआत यहां से करने की तैयारी कर चुके हैं।

Bhartiya Janata Party : भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के अनुसार 21 फरवरी को भाजपा की यमुना सिटी के औद्योगिक सेक्टर सेक्टर 28 में पहली जनसभा होगी। उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट का शिलान्यास यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और आईटी सेक्टर के केंद्रीय मंत्री अश्वनी वैष्णव करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनसभा को वर्चुअल संबोधित करेंगे। करीब 48 एकड़ में एचसीएल और फॉक्सकॉन द्वारा यह यूनिट स्थापित की जा रही है। भाजपा के संगठन ने इस जनसभा की तैयारी जोर-शोर से शुरू कर दी है। इसके लिए रविवार को संगठन की एक बैठक भी बुलाई गई तथा इसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई।

 

दूसरा बड़ा कार्यक्रम भाजपा नोएडा एयरपोर्ट जेवर के शुभारंभ पर करने जा रही है। इस अवसर पर होने वाली जनसभा को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे। भाजपा के जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा का कहना है कि जेवर एयरपोर्ट एक बड़ी उपलब्धि है। इसे भाजपा के जनप्रतिदिनिधियों ने कड़े संघर्ष के बाद बनवाया है। इसके शुभारंभ पर होने वाली जनसभा पूरे प्रदेश की सबसे बड़ी जनसभा होगी। यही से भाजपा के मिशन 2027 का चुनावी अभियान शुरू होगा।

Samajwadi Party : समाजवादी पार्टी 29 मार्च को दादरी में "समाजवादी समानता भाईचारा" रैली आयोजित कर रही है। सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने बताया कि 29 मार्च को दादरी में आयोजित होने वाली रैली सबसे बड़ी रैली होगी। उन्होंने कहा कि यह रैली पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति की दिशा और दशा को तय करेगी। उन्होंने दावा किया कि इस रैली में 50 हजार से ज्यादा लोग शामिल हो रहे हैं। इसमें सभी जाति और धर्म के लोग भाग लेंगे। खास करके गुर्जर बिरादरी के बड़े नेता और गणमान्य लोग इसमें भाग लेंगे। उन्होंने दावा किया कि यह रैली ऐतिहासिक होगी तथा आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की सत्ता को बदलने में यह रैली कारगर साबित होगी।

Bahujan Samaj Party : बहुजन समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष लखमी सिंह ने बताया कि 15 मार्च को नोएडा स्थित राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल पर मान्यवर काशीराम की जयंती पर बड़ा कार्यक्रम होगा। इसमें मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, अलीगढ़, आगरा मंडल के पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल होंगे। कार्यक्रम को संबोधित करने के लिए बसपा के बड़े-बड़े नेता इसमें शामिल होंगे। उनका दावा है कि यह कार्यक्रम आगामी विधानसभा चुनाव में बसपा की मजबूती स्थिति को प्रदर्शित करेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बसपा का जनाधार काफी तेजी से बढा है, और आगामी विधानसभा चुनाव में बसपा काफी मजबूती से अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगी।