Jewar News : रोडरेज में दो पक्षों में चली गोली, तीन घायल
Jewar News : थाना जेवर क्षेत्र के बंकापुर गांव के पास नहर के पटरी किनारे आज सुबह को साइड देने के विवाद मे हुए रोडरेज में दो पक्षों में जमकर विवाद और मारपीट हुई। इस घटना में दोनों पक्षों की तरह से गोली चलाई गई। तीन लोग गोली लगने से घायल हो गए हैं। पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि आज सुबह को थाना जेवर क्षेत्र के बंकापुर गांव के नहर के पटरी पर दो पक्षों के बीच वाहनों की साइड देने को लेकर विवाद हुआ। प्रथम पक्ष बंकापुर गांव निवासी है, जो की स्कॉर्पियो कार में सवार था, जबकि द्वितीय पक्ष ग्राम गढ़ी का रहने वाला है। यह पक्ष थार जीप में था। दोनों पक्षों में साइड देने को लेकर विवाद हुआ तथा मारपीट हुई। आरोप है कि दोनों पक्षों की तरफ से गोलियां चलाई गई। इस घटना में स्कार्पियो सवार विशाल उम्र 28 वर्ष तथा चिंटू उम्र 30 वर्ष को गोली लगी, जबकि थार जीप में सवार सौरभ को भी गोली लगी है। तीनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस घटना में कुछ और लोग भी घायल हुए हैं। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

