Greater Noida News : चुनावी रंजिश में हुई हत्या के मामले में 10 लोगों को आजीवन कारावास

Nov 16, 2026 - 22:47
Greater Noida News : चुनावी रंजिश में हुई हत्या के मामले में 10 लोगों को आजीवन कारावास
Symbolic Image

Greater Noida News : जनपद गौतमबुद्ध नगर की अदालत ने कुड़ीखेड़ा गांव में 17 वर्ष पहले चुनावी रंजिश में हुए खूनी संघर्ष के मामले में सोमवार को दस लोगों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। अदालत ने दोषियों पर 15-15 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। जुर्माना राशि जमा नही करने पर छह-छह माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।

 सहायक शासकीय अधिवक्ता शिल्पी भदोरिया ने बताया कि बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के कुड़ीखेड़ा गांव में वर्ष 2009 में चुनावी रंजिश में खूनी संघर्ष हुआ था। एक युवक प्रमोद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में बादलपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज करवाया गया था। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया।

उन्होंने बताया कि इस मामले की सुनवाई जनपद गौतम बुद्ध नगर न्यायालय में चल रही थी। अदालत ने केस की सुनवाई करते हुए हत्याकांड में शामिल दिनेश, रोहतास, राकेश, मनोज, आमोद, सुरेश उर्फ बालक, सतीश, दुर्गेश, महेश और परमानंद आजीवन कारावास की सजा सुनाई। आजीवन कारावास की सजा से दोषियों को गहरा झटका लगा है, जबकि पीड़ित पक्ष ने इसे न्याय की जीत बताया।

 एडीजीसी शिल्पी भदोरिया ने बताया कि घटना के दिन वादी संजीव अपने बहनोई प्रमोद तीन अन्य लोगों के साथ कार में सवार होकर जा रहे थे। कुड़ी खेड़ा गांव से निकलते ही हमलावरों ने उन्हें घेर लिया था। चुनावी रंजिश को लेकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई थीं। एक गोली संजीव को लगी, जबकि प्रमोद को कई गोलियां लगी थीं। कार में सवार तीन लोगों ने किसी तरह बाहर निकल कर अपनी जान बचाई थी। सिर में गोली लगने की वजह से प्रमोद की मौत हो गई थी।