नई दिल्ली : धावकों ने ‘रन फॉर ए गर्ल चाइल्ड’ में शामिल होकर महिला सशक्तिकरण का दिया संदेश

New Delhi : सेवा भारती दिल्ली द्वारा आयोजित ‘रन फॉर ए गर्ल चाइल्ड’ मैराथन का आयोजन जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में किया गया। इस आयोजन में 5000 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लेकर महिला सशक्तिकरण और किशोरी विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए एकजुटता दिखाई। यह कार्यक्रम दिल्ली की सेवा बस्तियों से आई महिलाओं और युवतियों के साथ-साथ बॉलीवुड, खेल, व्यवसाय, शिक्षा, प्रशासन एवं समाज सेवा से जुड़े प्रतिष्ठित लोगों की सहभागिता का साक्षी बना।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। जिसे अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ प्रदीप जोशी, समाज सेविका एवं उपराज्यपाल दिल्ली की धर्मपत्नी संगीता सक्सेना, समाज सेवी एवं केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया की धर्मपत्नी अनीता मांडविया, विशेष आयुक्त दिल्ली पुलिस मधुप तिवारी, ओलंपिक पदक विजेता योगेश्वर दत्त, पैरा ओलंपिक पदक विजेता प्रीति पाल तथा अध्यक्ष सेवा भारती रमेश अग्रवाल द्वारा संपन्न किया गया।
मैराथन की तीन श्रेणियां रहीं- 10 किलोमीटर (टाइम रन), 5 किलोमीटर (फन रन) तथा
3 किलोमीटर (फन रन)।
कार्यक्रम की शुरुआत जुम्बा, संगीत, जोकर एक्ट, सेवाधाम विद्यालय के छात्रों द्वारा योग प्रदर्शन के साथ हुई, जिससे आयोजन का माहौल ऊर्जा, उत्साह और सामाजिक समरसता से भर गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रदीप जोशी ने युवाओं से समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि समाज का विकास ही राष्ट्र की प्रगति का आधार है।
संगीता सक्सेना ने सेवा भारती के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए ऐसा वातावरण बनाना आवश्यक है, जिसमें महिलाएं स्वाभाविक रूप से सशक्त बन सकें।
अनीता मांडविया ने कहा कि यह दौड़ समाज को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मधुप तिवारी ने कहा कि सेवा भारती महिलाओं एवं समाज के सशक्तिकरण की दिशा में अविस्मरणीय कार्य कर रही है।
योगेश्वर दत्त ने कहा कि आज की नारी अब अबला नहीं, सबला बन चुकी है। हमें उनके मार्ग में बाधा बनने के बजाय उनके रास्तों को मजबूत करना चाहिए।
प्रीति पाल और शतरंज खिलाड़ी वंतिका अग्रवाल ने भी उपस्थित जनसमूह को प्रेरित करते हुए लड़कियों को अपने सपनों को निडरता से आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
‘रन फॉर ए गर्ल चाइल्ड’ आयोजन को देश की कई प्रतिष्ठित हस्तियों का समर्थन प्राप्त हुआ। जिनमें अर्चना पाठक सॉलिसिटर जनरल, ऐश्वर्या भाटी अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल, मौनी रॉय अभिनेत्री, पीटी ऊषा अध्यक्ष भारतीय ओलंपिक संघ, अदनान सामी, विशाल डडलानी, सोनल चौहान, सोनू निगम, विशाल मिश्रा (गायक व संगीतकार), रेखा गुप्ता मुख्यमंत्री दिल्ली, सत्य प्रकाश सांगवान अध्यक्ष, पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया, क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग और शिखर धवन, संजय अरोड़ा पुलिस आयुक्त दिल्ली।
कार्यक्रम के दौरान सेवा भारती अध्यक्ष रमेश अग्रवाल ने कहा कि हम भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में तो प्रयासरत हैं ही, साथ ही सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में भी इसे वैश्विक नेतृत्व प्रदान करने का प्रयास कर रहे हैं। ‘रन फॉर ए गर्ल चाइल्ड’ के माध्यम से हम वंचित और सुविधा संपन्न वर्गों को एक साझा मंच पर लाकर महिला सशक्तिकरण और समावेशन का संदेश दे रहे हैं।
सेवा भारती की सचिव एवं कार्यक्रम संयोजिका निधि आहूजा ने कहा कि दिल्ली के सेवा बस्तियों, पेशेवर धावकों और युवाओं ने जिस तरह का उत्साह दिखाया, वह हमारे प्रयासों को बल देता है। यह दौड़ हमारे व्यापक अभियान का हिस्सा है।
वहीं सेवा भारती के महासचिव सुशील गुप्ता ने सभी प्रतिभागियों, स्वयंसेवकों और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था समाज के बुद्धिजीवियों और परोपकारी व्यक्तियों के सहयोग से स्वास्थ्य, शिक्षा, आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में अपने प्रयासों को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी।