Ghaziabad News: वसुंधरा पुलिस चौकी धमाका: हादसा या साजिश, पुलिस कमिश्नर बोले जांच जारी, एक संगठन ने लिया धमाके की जिम्मेदारी
Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद जिले की वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार की रात को हुए संदिग्ध विस्फोट की घटना से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ और यूपी एटीएस की टीम के साथ ही तमाम बड़े अफसरों ने चौकी का दौरा किया है। यह हादसा है या फिर साजिश अभी यह साफ नहीं हो सका है। हालांकि तहरीक उल मुजाहिदीन हिन्दुस्तान नाम के एक संगठन ने सोशल मीडिया पर वसुंधरा पुलिस चौकी के अंदर हुए धमाके की जिम्मेदारी ली है। लेकिन पुलिस की ओर से अभी तक इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि गाजियाबाद पुलिस, यूपी एटीएस और आईबी की टीमें घटना की जांच कर रही हैं। साथ ही सोशल मीडिया पोस्ट की जांच की जा रही है।
गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ ने बताया, "कल रात को हमें सूचना मिली कि इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली वसुंधरा पुलिस चौकी की पिछली दीवार के पास एक धमाका हुआ है। उस समय वहां एक सब-इंस्पेक्टर और एक डिलीवरी बॉय मौजूद थे। इसके बाद जांच शुरू की गई और घटनास्थल से सभी सबूत इकट्ठा कर लिए गए हैं। हमारा बम डिस्पोजल स्क्वॉड, फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम अभी भी मौके से सबूत जुटा रही हैं। जांच में अभी तक धमाके के कारण का पता नहीं चल पाया है। हम हर एंगल से इस घटना की जांच कर रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि धमाका कैसे हुआ। डिलीवरी के लिए आए एक डिलीवरी बॉय को मामूली चोटें आई हैं।एटीएस की जांच की भूमिका पर उन्होंने कहा कि जांच के दौरान बाकी सभी पहलुओं को भी देखा जाएगा। उत्तर प्रदेश पुलिस समेत कई अन्य एजेंसियां भी मौके पर मौजूद हैं। हम बारीकी से जांच कर रहे हैं। इंदिरापरम थाना क्षेत्र के वसुंधरा चौकी में हए धमाके की जांच के लिए शनिवार को बम निरोधक दस्ता पहुंचा। टीम ने धमाके वाली जगह से नमूने एकत्र किए। आशंका जताई जा रही है कि विस्फोटक सामग्री से धमाका हुआ है। नमूनों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि विस्फोट किस तरह की सामग्री से हुआ।
इस बीच सोशल मीडिया पर धमाके से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है। "तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान" नाम के संगठन ने अंग्रेजी में एक संदेश जारी कर धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। संदेश में संगठन ने पुलिस को निशाना बनाने और सरकार के खिलाफ अभियान चलाने की बात कही है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नही हुई है। जांच एजेंसियां इसकी सत्यता की पड़ताल कर रही हैं।
संगठन ने अपने समुदाय को संबोधित करते सैन्य कार्रवार्ड से नही डरने की बात कही है। संदेश के अंतिम हिस्से में धार्मिक स्थलों के कथित विनाश और समुदाय के साथ होने वाले व्यवहार का हवाला देते हुए हिंसक प्रतिरोध की धमकी दी गई है। लिखा है जिस बाग में हमारी इज्जत की रक्षा नही हो सकती, उसे जलाकर राख कर देना ही बेहतर है। यह नामुमकिन है कि हमारा दुश्मन आराम और शांति से रहे जबकि हमारा समुदाय पीड़ा झेल रहा हो। संदेश में हिंदू समाज को संबोधित करते हुए कहा गया है कि मुसलमानों पर अत्याचार करने वाले ने राजनेताओं, अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि भविष्य की आंच लोगों के घरों तक पहुंच सकती है। कल जब आग आपके घरो तक पहुंचे तो, दोष हमपर मत डालिएगा। हमें दोष देने की बजाय आज ही अपने नेताओं को जवाब देह ठहराइये।

