Ghaziabad News : सास भी कभी बहू थी के एक्टर को रवि पुजारी गैंग के नाम पर धमकी

Oct 10, 2025 - 17:35
Ghaziabad News : सास भी कभी बहू थी के एक्टर को रवि पुजारी गैंग के नाम पर धमकी
Google Image

Ghaziabad News : सास भी कभी बहू थी सीरियल में मुख्य भूमिका निभाने वाले मुकेश जे. भारती और उनकी पत्नी फिल्म निर्माता व विवेक फिल्म प्रोडक्शन हाऊस मुंबई की मालिक मंजू मुकेश भारती को गाजियाबाद में शूटिंग करने पर हत्या की धमकी दी गई है। फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से धमकाने वाले ने खुद को कुख्यात रवि पुजारी गैंग का सदस्य बताया है। दंपती ने इसकी शिकायत करते हुए पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड़ से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

फिल्म अभिनेता और निर्माता दंपती ने बताया कि उन्होंंने मौसम इकरार के दो पल, प्यार के दो पल और प्यार में थोड़ा ट्वीस्ट जैसी फिल्मों की शूटिंग उत्तर प्रदेश में की है। गाजियाबाद के कुछ स्थानों पर भी वह आगामी दो फिल्मों की शूटिंग करना चाहते हैं। इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफार्म पर उजागर की थी। उनके अनुसार इसी के बाद नंदग्राम थाना क्षेत्र में रहने वाले आपराधिक प्रवृत्ति के एक व्यक्ति ने उन्हें कॉल कर धमकी दी कि गाजियाबाद में शूटिंग की तो जान से हाथ धोना पड़ेगा।

आरोपी ने उनके सोशल मीडिया एकाउंट्स पर भी धमकी भरे मैसेज किए हैं। दोनों को जान से मारने की धमकी लगातार दी जा रही है। फिल्म निर्माता और उनके बेटे को अपहरण करने की धमकी दी जा रही है। पुलिस आयुक्त ने दोनों को सुरक्षा देने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि प्रदेश सरकार ने फिल्म शूटिंग के दौरान कलाकारों और स्टाफ को सुरक्षा देने के निर्देश हैं। ऐसे में उन्हें संपूर्ण सुरक्षा दी जाएगी और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिल्म निर्माता मंजू मुकेश भारती के पति मुकेश जे. भारती ने बताया कि वह जल्द ही फिल्म पापा की परी और रिकवरी फिल्म में नजर आएंगे।