Greater Noida News : अवैध कॉलोनी ध्वस्त करोड़ की जमीन मुक्त कराई

Nov 2, 2026 - 23:17
Greater Noida News : अवैध कॉलोनी ध्वस्त करोड़ की जमीन मुक्त कराई
अवैध कॉलोनी को ध्वस्त करता हुआ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का बुलडोजर

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने सोमवार को सुथ्याना गांव में बन रही एक अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। यहां प्राधिकरण की अधिसूचित करीब 9500 वर्ग मीटर जमीन पर कॉलोनी काटी जा रही थी। उक्त जमीन की कीमत 19 करोड़ रुपये आंकी गई है।

 ग्रेटर नोएडा के एसीईओ सुमित यादव ने बताया कि अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति को अवैध निर्माण करने की इजाजत नहीं है। प्राधिकरण को सुथ्याना में अवैध निर्माण की शिकायत मिली थी। इसके बाद कॉलोनाइजरों को नोटिस जारी किए गए थे कि वे निर्माण बंद कर दें। इसके बावजूद उन्होंने निर्माण कार्य बंद नहीं किया। सोमवार को प्राधिकरण की टीम पूरी तैयारी के साथ सुथ्याना पहुंची।

उन्होंने बताया कि यहां पर गांव की खसरा संख्या 798, 810, 815, 816 और 817 की लगभग 9500 वर्ग मीटर अधिग्रहित जमीन पर कॉलोनाइजर अवैध निर्माण करते मिले। टीम ने मौके पर जाकर अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। इस दौरान कॉलोनाइजर भाग निकले। उन्होंने अपील कि कोई भी व्यक्ति शहर में भूमि खरीदने से पहले जमीन की जांच कर लें। कॉलोनाइजरों के चक्कर में आकर अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं।