Ghaziabad News : जौहर यूनिवर्सिटी मनी लॉन्ड्रिंग मामलाः ईडी ने आजम खान को गाजियाबाद कोर्ट में किया पेश

Nov 1, 2026 - 12:40
Ghaziabad News : जौहर यूनिवर्सिटी मनी लॉन्ड्रिंग मामलाः ईडी ने आजम खान को गाजियाबाद कोर्ट में किया पेश
ईडी ने आजम खान को गाजियाबाद कोर्ट में किया पेश

Ghaziabad News : पूर्व सांसद, उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री और समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खान को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम रविवार को गाजियाबाद स्थित विशेष प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) कोर्ट लेकर पहुंची।इस बीच जब संवाददाताओं ने आजम खान से प्रतिक्रिया मांगते हुए पूछा कि क्या वह आज कुछ बोलेंगे, तो उन्होंने इसके जवाब में निराशा और बेबसी भरे अंदाज में सिर्फ इतना कहा, अब क्या है बोलने के लिए।' इस बीच कोर्ट के बाहर सपा के कई नेता भी पहुंचे।

मालूम हो कि दो पैन कार्ड मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद शनिवार शाम रामपुर जेल से रिहा होते ही ईडी ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। कोर्ट परिसर में भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। यह मामला मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी और उससे जुड़े जौहर ट्रस्ट में हुई कथित वित्तीय अनियमितताओं व मनी लॉन्ड्रिंग की जांच से जुड़ा है।

ईडी ने यूनिवर्सिटी की करोड़ों रुपये की संपत्ति पहले ही अटैच कर रखी है। अब एजेंसी पूछताछ के लिए कोर्ट से आजम खान की कस्टडी रिमांड की मांग कर रही है। इस घटनाक्रम पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए सत्ता पक्ष पर राजनीतिक बदले की कार्रवाई का आरोप लगाया है। फिलहाल, गाजियाबाद कोर्ट में ईडी की रिमांड अर्जी पर सुनवाई हो रही है। आशंका है कि अगर रिमांड की अर्जी मंजूर नहीं होती है तो आजम खान को गाजियाबाद के डासना जेल मे न्यायिक हिरासत मे भेजा जा सकता है। ईडी ने कोर्ट से आजम की कस्टडी मांगी है।