Noida News : कुख्यात रणदीप गैंग का गुर्गा 50 हजार का इनामी पुलिस मुठभेड़ में ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल
Noida News : थाना सेक्टर- 126 पुलिस ने शनिवार की देर रात को एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान 50 हजार रुपए के ईनामी कुख्यात बदमाश को मुठभेड़ के दौरान मार गिराया है। यह कुख्यात गैंगस्टर रणदीप भाटी गैंग का सक्रिय सदस्य था। इसके खिलाफ लूटपाट, हत्या, रंगदारी, गैंगस्टर सहित 20 से अधिक मामले पूर्व में दर्ज हैं। इस मुठभेड़ में पुलिस द्वारा चलाई गई गोली लगने से दो पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं।
पुलिस उपायुक्त प्रीति यादव ने बताया कि थाना सेक्टर 126 पुलिस और स्वाट टीम बीती रात को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर एक व्यक्ति आता हुआ दिखाई दिया। संदिग्ध होने पर पुलिस ने उसे रूकने का इशारा किया तो वह रुकने की बजाए पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाकर भागने लगा। उन्होंने बताया की जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। बदमाश द्वारा चलाई गई गोली दो पुलिसकर्मियों को लगी है। जबकि पुलिस द्वारा चलाई गई गोली एक बदमाश को लगी। उसे उपचार के लिए नोएडा की जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, उपचार के दौरान डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान अमन त्यागी उर्फ माया त्यागी पुत्र धनेश निवासी ग्राम छपार थाना छपार जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि मुठभेड़ में मारे गए बदमाश के ऊपर पूर्व में हत्या, लूट, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट सहित 20 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि इसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपए का ईनाम घोषित था। इस बदमाश ने थाना बादलपुर क्षेत्र में एक व्यक्ति के घर पर ताबड़तोड़ गोली चलाई थी। इस मामले में इसके खिलाफ 50 हजार रुपए के इनाम घोषित था। उन्होंने बताया कि यह रणपाल भाटी गैंग का सक्रिय सदस्य था। इस बदमाश का पश्चिमी यूपी में काफी आतंक था। उन्होंने बताया कि पुलिस मुठभेड में घायल उपनिरीक्षक नरेंद्र और कांस्टेबल धीरज को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। डॉक्टरों ने उनके शरीर से गोली निकाल दी है। उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।

