Ghaziabad News : डसना जेल पहुंचे आजम खान, सामान्य बैरक में बिताएंगे रात

Nov 1, 2026 - 16:28
Ghaziabad News : डसना जेल पहुंचे आजम खान, सामान्य बैरक में बिताएंगे रात

Ghaziabad News : समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता पूर्व सांसद और मंत्री मोहम्मद आजम खान को रविवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम गाजियाबाद स्थित विशेष पीएमएलए कोर्ट लेकर पहुंची।दो पैन कार्ड मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद शनिवार शाम रामपुर जेल से बाहर आते ही ईडी ने उन्हें हिरासत में ले लिया था।रविवार को गाजियाबाद स्थित पीएमएलए कोर्ट ने उन्हें 14 दिन के न्यायिक हिरासत मे डासना जेल भेज दिया है। अब ईडी उनसे मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ करेगी।

आजम खान को सीधे रिमांड मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश न करके विशेष अदालत में पेश किया गया था। ईडी की कानूनी टीम ने मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी और जौहर ट्रस्ट से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग व वित्तीय अनियमितताओं के मामले में पूछताछ के लिए अदालत से आजम खान की 14 दिनों की रिमांड मांगी थी। आजम खान के वकीलों ने ईडी की इस कार्रवाई और रिमांड अर्जी का विरोध किया था। पुलिस आजम खान को लेकर डासना पहुंची ।

 डासना जेल के अधीक्षक सीताराम शर्मा के अनुसार, जेल में पहली बार आने वाले सभी बंदियों के लिए नियम एक समान हैं। जेल अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि रविवार हो या सामान्य कार्यदिवस, अदालत के आदेश पर पहली बार आने वाले प्रत्येक नए बंदी को नियमानुसार पहले सामान्य बैरक ही आवंटित किया जाता है। आजम के आने के पहले ही जेल की सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए गए हैं।