Ghaziabad News : गाजियाबाद में माल गाड़ी के 6 डिब्बे पटरी से उतरे, 53 ट्रेने रद्द
Ghaziabad News : उत्तर रेलवे के गाजियाबाद-दिल्ली रूट पर आज सुबह एक मालगाड़ी के पटरी से उतरने के चलते 50 से अधिक ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। हालांकि, इस घटना में किसी के भी घायल अथवा हताहत होने की खबर नहीं है। रेलवे के अधिकारी और स्टाफ मौके पर पहुंचकर रूट को क्लियर कराने में लगे हैं।
उत्तर रेलवे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट कर बताया कि गाजियाबाद और नई दिल्ली के बीच मालगाड़ी के पटरी से उतरने की इस घटना से कुल 53 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। इनमें से 24 ट्रेनों का रूट बदलकर उन्हें दिल्ली-नई दिल्ली के रास्ते भेजा गया है। 16 पैसेंजर ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। 5 पैसेंजर ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द की गई हैं और 8 ट्रेनों को रेगुलेट किया गया है।
रेलवे ने यात्रियों को आज रेल यात्रा की योजना बनाने से पहले ताजा अपडेट के लिए NTES ऐप देखने या रेल मदद हेल्पलाइन नंबर 139 पर कॉल करने की सलाह दी है। डिविजनल रेलवे मैनेजर (डीआरएम), एडिशनल डिविजनल रेलवे मैनेजर और रेलवे के दूसरे सीनियर अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।
रेलवे प्रशासन द्वारा इस ट्रेन रूट की बहाली का काम शुरू कर दिया गया है। रेलवे अधिकारियों ने पटरी से उतरे डिब्बों वाली जगह पर टीमें तैनात की हैं और वे जल्द से जल्द प्रभावित पटरियों को ठीक करने का काम कर रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारी कामकाज की निगरानी करने और रेल यातायात को सुरक्षित रूप से फिर से शुरू करने के लिए मौके पर मौजूद हैं। बता दें कि दिल्ली-गाजियाबाद बेहद अहम रेल रूट है, जिससे हर दिन सैकड़ों यात्री ट्रेनें और मालगाड़ियां गुजरती हैं। इसके बाधित होने से न केवल रेल यात्रियों को दिक्कत होती है, बल्कि हजारों नौकरीपेशा लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ती है।

