Ghaziabad News : संपत्ति विवाद में दो बेटों ने माता-पिता की हत्या की
Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र के वीर नगर मोहल्ले में पारिवारिक विवाद में एक दंपति की जान चली गई। पुलिस ने इस मामले में उनके दोनों बेटों को हिरासत में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। घटना सोमवार देर रात करीब दो बजे की बताई जा रही है।
डीसीपी सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि डायल- 112 पर मध्य रात्रि को पुलिस को सूचना मिली कि बुजुर्ग पति-पत्नी की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि पारिवारिक विवाद में दोनों पति-पत्नी घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उनकी मौत हो गई। उनकी पहचान गंगाशरण (56 वर्ष) और श्रीमती विमलेश (54 वर्ष)के रूप में हुई। उन्होने बताया कि पहले मृतक दंपति के दोनों बेटों दीपक और ललित के बीच में संपत्ति विवाद को लेकर मारपीट हो रही थी।
इस दौरान बीच-बचाव करने आए माता-पिता के साथ भी दोनो मारपीट करने लगे। उन्होने पति- पत्नी को धक्का दे दिया। जिसमें वे सिर के बल गिर गए और उनको गंभीर चोट आई। उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया। मामले में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। दोनों बेटों को हिरासत में लेकर पूछताचल रही है। जानकारी मिली है कि दोनों बेटे शराब पीने के आदी हैं।

