Ghaziabad News : आजम खां की गिरफ्तारी कानून के तहत: बृजेश पाठक
Ghaziabad News : जेल से छूटते ही आजम खां की गिरफ्तारी कानून के तहत हुई है। इसमें कोई राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं है। कानून में कोई हस्तक्षेप सरकार नहीं करती है। जो जुर्म हुआ है, उसके तहत कानून कार्य कर रहा है। यदि कोई अन्याय हो रहा है तो उसके लिए अदालत के दरवाजे खुले हैं।' यह बातें उत्तर प्रदेश सरकार में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को गाजियाबाद के पुलिस लाइन में आगमन के दौरान पत्रकारों से वार्ता के दौरान कहीं।
यूपी के उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का कार्य कानून व्यवस्था को मजबूत करने का है, जो कि उत्तर प्रदेश में दिखाई दे रहा है। उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था में भाजपा सरकार के दौरान हुए सुधार हुआ है।इससे हर वर्ग के लोग संतुष्ट हैं। मजबूत कानून व्यवस्था और विकास के दम पर आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा की प्रचंड बहुमत से सरकार बनेगी। पाठक से जब दिल्ली में कांग्रेस द्वारा आयोजित रैली को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अंदर सत्ता में आने की व्याकुलता है। इसी वजह से रैली का आयोजन किया जा रहा है। जनता के बीच कांग्रेस का कोई जनाधार नहीं बचा है। देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के साथ हैं।
उत्तर प्रदेश में एमएलसी के चुनाव में वाराणसी में भाजपा की हार के सवाल के जवाब में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इसकी समीक्षा की जा रही है, अब तक की समीक्षा में जो एक वजह सामने आई है, वह वहां पर टिकट की घोषणा करने में देरी है। उन्होंने कहा कि जो कमियां हैं, उनको दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में अयोध्या में लोकसभा चुनाव में हार और एमएलसी चुनाव में वाराणसी में हार का असर आगामी विधानसभा चुनाव में दिखाई नही देगा। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की प्रचंड बहुमत से सरकार बनना तय है, इसमें किसी प्रकार का संशय नहीं है।

