Noida News : स्कूटी टकराने के विवाद में युवक की हत्या करने वाला मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
Noida News : स्कूटी टकराने के विवाद में एक युवक की हत्या करने और दूसरे को अधमरा करने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को थाना फेस -1 पुलिस ने आज सुबह को एक मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली इसके पैर में लगी है। इसके एक अन्य साथी को पुलिस ने बीती रात को गिरफ्तार किया था।
पुलिस उपायुक्त नोएडा प्रीति यादव ने बताया कि थाना फेस -वन पुलिस आज सुबह को नयाबांस गांव के पास स्थित पार्क के पास चेकिंग कर रही थी, तभी पुलिस को सूचना मिली कि आठ नवंबर को एक युवक की सिर फोड़कर हत्या करने वाले आरोपी पार्क में बैठे हैं, तथा कहीं भागने की फिराक में है। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पार्क में छापेमारी की। उन्होंने बताया कि पुलिस को देख बदमाश वहां से भागने लगे। जब पुलिस में उन्हें घेर तो उन्होंने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली आफताब उर्स तुलसी पुत्र रियाजुद्दीन के पैर में लगी है। उन्होंने बताया कि इसके पास से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक देशी तमंचा, कारतूस आदि बरामद किया है। उन्होंने बताया कि आठ नवंबर की रात्रि को स्कूटी टकराने के विवाद में आरोपी ने अपने साथियों के संग मिलकर अमित नामक युवक की हत्या कर दी थी। उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी। उसका एक साथी शिवम गंभीर रूप से घायल है। वह उपचाराधिन है। इस मामले में हत्या और हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा थाना फेस वन में दर्ज है। उन्होंने बताया कि इसके खिलाफ पूर्व में तीन मुकदमे दर्ज है उन्होंने बताया कि बीती रात को थाना पुलिस ने इस घटना में शामिल एक किशोर को गिरफ्तार किया था।

