Noida News : जनवरी माह में शुरू होगा जनपद का तीसरा मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण केंद्र

Nov 23, 2026 - 19:01
Noida News : जनवरी माह में शुरू होगा जनपद का तीसरा मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण केंद्र
Symbolic Image

Noida News : सेक्टर 151 में नोएडा का पहला और जिले का तीसरा मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण केंद्र अगले साल जनवरी में शुरू होगा। इसके शुरू होने से नोएडा के निवासियों और ग्रेटर नोएडा के परीचौक के आसपास रहने वाले लोगों को स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने और प्रशिक्षण लेने में बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे पहले ग्रेटर नोएडा के दादरी में दो केंद्र संचालित हैं।

परिवहन विभाग के अनुसार केंद्र का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इसे शुरू करने से पहले जरूरी प्रमाण पत्र और औपचारिकताओं की प्रक्रिया जारी है। सेक्टर 151 में केंद्र शुरू होने से नोएडा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को वाहन प्रशिक्षण और स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस परीक्षण के लिए काफी सहूलियत होगी। जनपद गौतम बुद्ध नगर में पहले से संचालित प्रमुख केंद्रों में दादरी के बिसाहड़ा रोड (प्यावली) स्थित शिवम मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर और जीटी रोड बाईपास-जारचा रोड स्थित वाईबी बिल्डर्स ड्राइविंग प्रशिक्षण एवं परीक्षण केंद्र है।

एआरटीओ (प्रशासन) नंदकुमार ने बताया कि एएसएलरेट प्राइवेट लिमिटेड मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, और इसमें जरूरी मशीनें भी लगाई जा चुकी है। यह अगले साल जनवरी तक शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इसे पहले ही शुरू हो जाना था लेकिन कंपनी की ओर से निर्माण कार्य और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं में देरी के कारण वक्त लग गया।