Noida News : बिना लाइसेंस के शादी और अन्य समारोह में शराब परोसने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई, आबकारी विभाग ने बनाई सात टीमें
Noida News : जनपद गौतमबुद्ध नगर मे विवाह और अन्य समारोहों के दौरान होने वाली पार्टियों में शराब परोसने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। आयोजकों को शराब परोसने के लिए आबकारी विभाग से अस्थायी बार लाइसेंस लेना अनिवार्य है। बिना लाइसेंस शराब परोसने पर भारी जुर्माने समेत अन्य कार्रवाई की जाएगी। नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए आबकारी विभाग ने जिले में सात टीमें गठित की हैं, जो विभिन्न आयोजन स्थलों पर जांच कर रही हैं।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने आज बताया कि शादी के जश्न के साथ आयोजित होने वाली पार्टियों को लेकर आबकारी विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। निजी पार्टियों, विवाह समारोह और अन्य कार्यक्रमों में शराब परोसने के लिए नियम लागू किए गए हैं और इन नियमों का अनिवार्य रूप से पालन हो इसके लिए सात टीमें लगाई गई हैं। किसी भी सार्वजनिक या निजी जगह पर शराब परोसने के लिए अस्थायी बार लाइसेंस लेना जरूरी है। यह नियम क्लब, सोसाइटी के कम्युनिटी हॉल, फार्म हाउस, रिसॉर्ट, बैंक्वेट हॉल, मैरिज गार्डन, होटल और रेस्तरां हॉल सहित सभी प्रमुख आयोजन स्थलों पर लागू होगा। इन समारोहों में केवल उत्तर प्रदेश में बिक्री के लिए मंजूर वैध शराब ही परोसी जा सकती है। उन्होंने बताया कि अगर किसी पार्टी में हरियाणा, दिल्ली या किसी दूसरे राज्य की अवैध शराब का स्टॉक या सेवन पाया जाता है, तो उसे गंभीर उल्लंघन माना जाएगाठ तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसी स्थिति में बार लाइसेंस धारक या आयोजक और वेन्यू के मालिक या प्रबंधक दोनों पर अलग-अलग एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाने के साथ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

