Ghaziabad News : तेरहवीं मंजिल से कूदा 12वीं कक्षा का छात्र, मौत
Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के नंद ग्राम थाना क्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन के राजनगर रेजीडेंसी सोसाइटी में रहने वाले 16 वर्षीय छात्र ने 13वीं मंजिल से कूदकर मंगलवार की रात को आत्महत्या कर लिया। उसकी कल परीक्षा थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सहायक पुलिस आयुक्त नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि राजनगर रेजिडेंसी के टावर ई- के फ्लैट संख्या एक 1303 में मूलचंद शर्मा परिवार सहित रहते हैं। वह बिजली विभाग में अधीक्षण अभियंता के पद पर तैनात हैं। घटना के समय वह ड्यूटी पर थे। घर में उनकी पत्नी, बेटी और बेटा चैतन्य (16) थे। मंगलवार की शाम को चैतन्य रात करीब 7 बजे सोसाइटी में अपनी बहन के साथ टहल रहा था। उसके बाद दोनों फ्लैट में चले गए।
उन्होंने बताया कि चैतन्य टहलकर आने के बाद पढ़ाई करने के लिए कमरे में गया। कुछ देर बाद वह बालकनी में पहुंचा और वहां से नीचे कूद गया। उन्होंने बताया कि उसे कूदते हुए आसपास के लोगों ने देखा तथा शोर मचाया। तब तक वह नीचे कूद गया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृत की मां संगीता ने बताया कि वह शास्त्री नगर स्थित नेहरू वर्ल्ड स्कूल में कक्षा 12वीं का छात्र था। करीब दो माह से प्री बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहा था। वह पढ़ाई में जुटा हुआ था। उन्होंने कहा कि उन्हें कोई जानकारी नहीं है कि वह बालकनी से असंतुलित होकर गिरा या मानसिक दबाव के चलते उसने आत्महत्या किया है।

