Noida News : यूपी रेरा ने 17 परियोजनाओं को दी मंजूरी
Noida News : उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) ने गौतमबुद्ध नगर समेत प्रदेश के आठ जिलों में 17 नई परियोजनाओं को मंगलवार को मंजूरी दी है।
यूपी रेरा के अध्यक्ष संजय भूस रेड्डी ने बताया कि इनमें करीब 4,844 करोड़ का निवेश होगा, जिसमें 940 करोड़ का निवेश गौतमबुद्ध नगर में होगा। इन परियेाजनाओं में 5,726 फ्लैट और दुकानें बनेंगी। यूपी रेरा की ओर से बताया गया कि यूपी रेरा की 217वीं, 218वीं, 219वीं बैठकों में इन 17 प्रोजेक्टों को मंजूरी दी गई। सबसे अधिक लखनऊ में नौ परियोजनाओं को मंजूरी मिली। इनमें छह आवासीय, एक मिश्रित उपयोग और दो व्यावसायिक प्रोजेक्ट शामिल हैं। लखनऊ में लगभग 2,203 करोड़ रुपये के निवेश से 3,031 फ्लैट और दुकानों का निर्माण होगा।
गाजियाबाद में दो आवासीय परियोजनाओं में 943 करोड़ रुपये के निवेश से 1,016 फ्लैटों का निर्माण होगा। वहीं, गौतमबुद्ध नगर में एक मिश्रित उपयोग प्रोजेक्ट में 940 करोड़ रुपये का निवेश होगा। इसमें 456 इकाइयां बनेंगी। कानपुर में 524 करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश से 597 आवासीय इकाइयों का निर्माण होगा। मेरठ में 194 करोड़ रुपये के निवेश वाले एक आवासीय परियोजना में 313 फ्लैट बनेंगे। अयोध्या में 26 करोड़ रुपये के निवेश से 159 फ्लैट बनेंगे।

