Noida News : समाजवादी सामान्य भाईचारा रैली में 140 विधानसभाओं के लोग होंगे शामिल
Noida News : समाजवादी पार्टी 29 मार्च को दादरी में समाजवादी समानता भाईचारा रैली का आयोजन करेगी। रैली को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव संबोधित करेंगे। इस रैली में उत्तर प्रदेश के 32 जिलों की 140 विधानसभा सीटो के लोग शामिल होंगे। इस रैली को2027 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद माना जा रहा है। आयोजकों का दावा है की भीड़ के लिहाज से यह रैली ऐतिहासिक होगी और पश्चिम उत्तर प्रदेश के राजनीतिक समीकरण को बदलने वाली होगी।
गुरूवार को ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब में आयोजित एक प्रेस वार्ता में रैली के संयोजक राजकुमार भाटी ने बताया कि इस रैली में सर्वधर्म, सर्वजाति, सर्व समाज के लोग शामिल होंगे, लेकिन ज्यादा संख्या पीडीए समाज की होगी। पीडीए में पिछड़ा दलित आदिवासी अल्पसंख्यक और आधी आबादी के अलावा सामान्य वर्गों के लोग भी शामिल हैं, जो भाजपा शासन में पीड़ित दुखी और अपमानित है। उन्होंने बताया कि रैली की कमान गुर्जर समाज के लोग संभालेंगे। इस रैली से गुर्जर समाज को उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नई पहचान मिलेगी। राजकुमार भाटी ने बताया कि इस रैली की तैयारी अगस्त 2025 से चल रही है। उन्होंने 50 से ज्यादा विधानसभा क्षेत्र में पीडीए चैपाल का आयोजन किया है। इन चैपालों के माध्यम से एक ओर जहां पिछड़े वर्गों में राजनीतिक जागरूकता पैदा हुई है, वही रैली की सफलता के लिए अलग-अलग क्षेत्र में मजबूत टीमों का गठन किया गया है। जिला और विधानसभा स्तर पर रैली प्रभारी की नियुक्तियां की गई है।
प्रेस वार्ता के दौरान गौतमबुद्ध नगर के सपा जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की दादरी नगर में होने वाली यह रैली ऐतिहासिक होगी। इस रैली को लेकर पार्टी के कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। जिला संगठन ने इस रैली को सफल बनाने की पूरी तैयारी कर ली है, जिसके लिए संगठन के पदाधिकरियों को इसकी अलग-अलग जिम्मेदारी सौंप दी गई है। इस रैली से उत्तर प्रदेश में परिवर्तन की लहर तेजी से चलेगी और एक बार फिर से उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।
प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भाटी, चौधरी गजराज नागर, पूर्व जिलाध्यक्ष इंदर प्रधान, वीर सिंह यादव, फकीर चंद नागर, डॉक्टर महेंद्र नागर, सुनील चौधरी, महानगर अध्यक्ष डा.आश्रय गुप्ता, सुनील भाटी देवटा, नरेंद्र नागर, कृशांत भाटी, देवेंद्र टाइगर, विकास जतन भाटी, विनोद लोहिया, विकास यादव, नवीन भाटी, अक्षय चौधरी, विक्रम टाइगर, सुभाष भाटी, अनूप तिवारी, हरीश खारी सहित अन्य मौजूद रहें।

