Noida News : विभिन्न सड़क हादसों में दो वर्षीय मासूम समेत चार की मौत
Noida News : नोएडा के विभिन्न जगहों पर हुए विभिन्न सड़क हादसों में एक दो वर्षीय मासूम बच्चे सहित 4 लोगों की मौत हो गई है।
थाना सेक्टर -142 के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि मूल रूप से बिहार के रहने वाले शनि मोदी अपने परिवार के साथ शाहदरा गांव में रहते हैं। उनका दो वर्षीय बेटा शिवराज आज सुबह को अपने घर के बाहर खेल रहा था, तभी वहां से पानी की सप्लाई करने वाला छोटा हाथी वाहन गुजरा। वाहन के चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बच्चे को टक्कर मार दिया। बच्चा पिछले टायर के नीचे आ गया। उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए फेलिक्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया, उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन को जप्त कर लिया है। वाहन चालक फरार है, उसकी तलाश की जा रही है। इस घटना को लेकर लोगों में काफी आक्रोश है। भारी संख्या में लोग थाने पर पहुंचे। पुलिस ने उन्हें समझा बूझाकर वापस भेजा। इस घटना के बाद बच्चे के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना सेक्टर -20 के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि महेश शर्मा (46) पुत्र कृष्ण देव शर्मा मूल निवासी जनपद समस्तीपुर बिहार मौजूदा समय मे निठारी गांव में रहते थे। यहां पर रहकर वह मजदूरी करते थे। बीती रात को वह पैदल निठारी गांव के पास से गुजर रहे थे, तभी एक अज्ञात वाहन चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दिया। उन्होंने बताया कि इस घटना मे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना रबूपुरा के प्रभारी निरीक्षक श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि थाना क्षेत्र में बीती रात को हुए एक सड़क हादसे में अजय सोलंकी (39) पुत्र टीकम सोलंकी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया ,उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना एक्सप्रेसवे के प्रभारी निरीक्षक अमित खारी ने बताया कि थाना क्षेत्र में बीती रात को हुए एक सड़क हादसे में हनीफ (31) की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

