Jewar News : निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरी, मलवे के नीचे दबे पांच लोग, एक महिला की मौत

Mar 13, 2026 - 12:37
Jewar News : निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरी, मलवे के नीचे दबे पांच लोग,  एक महिला की मौत
Symbolic Image

Jewar News : थाना जेवर में एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई है की घटिया सामग्री प्रयोग करने की वजह से निर्माणाधीन मकान की दीवार गिर गई, जिसमें उसकी पत्नी सहित 5 लोग दब गए। उन्हें गंभीर चोट आई है। उपचार के दौरान एक महिला की मौत हो गई है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 थाना जेवर के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि बीती रात को रमेश पुत्र लक्ष्मण निवासी जनपद ललितपुर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह अपनी पत्नी रानी, अनीता पत्नी हरिश्चंद्र आदि के साथ भवन निर्माण का कार्य कर रहे थे। पीड़ित के अनुसार ग्राम राममेहर के रहने वाले रवींद्र छोकर के प्लाट पर वह दीवार निर्माण कर रहे थे। वह प्लाट के निर्माण में खराब ईट तथा मिट्टी से चिनाई करवा रहे थे।

पीड़ित के अनुसार उन लोगों ने मना किया तो आरोपी नहीं माना। पीड़ित के अनुसार खराब ईट व मिट्टी से चिनाई के चलते 12 मार्च की शाम को दीवार अचानक गिर गई, जिससे मौके पर मौजूद उनकी पत्नी रानी, अनीता, हरिश्चंद्र, हरभजन तथा रविंद्र छोंकर की पत्नी शशि मलवे में दब गए। उन्होंने बताया कि इस घटना में अनीता और शशि को गंभीर चोट आई है। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि उपचार के दौरान अनीता की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 बताया जा रहा है कि जेवर क्षेत्र में निर्माणाधीन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण किया जा रहा है। इसका फायदा उठाकर कुछ लोग कच्ची दीवारों घटिया ईट का प्रयोग कर घर बना रहे हैं, ताकि जब उनकी जमीन अधिग्रहण में आए तो घर तोड़ने के एवज मे करोड़ का मुआवजा मिल सके। इसी वजह से इस क्षेत्र में अब तक इसतरह कई घटनाएं हो चुकी है। कुछ लोगों की जान चली गई है, जबकि कुछ लोग अपाहिज हो गए हैं।