Noida News : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शुरू हुई कार्गो उड़ान, चेन्नई से नोएडा पहुंची पहली फ्लाइट

Jun 17, 2026 - 12:00
Noida News : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शुरू हुई कार्गो उड़ान, चेन्नई से नोएडा पहुंची पहली फ्लाइट

Noida News : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आज से पहली कार्गो उड़ान शुरू हुई। पहली उड़ान चेन्नई से आई। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आज सुबह को जहाज के ऊपर वाटर कैनन से पानी बरसा कर उसका स्वागत किया गया। इसके लिए एफकॉम कंपनी के साथ समझौता किया गया है। यह मालवाहक (कार्गो) एयरलाइन है। यह विशेष माल परिवहन एवं आपूर्ति शृंखला सेवाएं प्रदान करने के लिए बोइंग 737-800 मालवाहक विमानों का उपयोग करती है। यह कंपनी ही एयरपोर्ट से कार्गो उड़ानें का संचालन करेगी। पहली उड़ान 17 जून को संचालित हुई, जो चेन्नई से नोएडा एयरपोर्ट पहुंची।

 

वही एयर इंडिया सेट्स की ओर से कार्गो उड़ानों के लिए एयरपोर्ट में तैयारी की गई है। कपनी ने नोएडा एयरपोर्ट से मध्य पूर्व, दक्षिण पूर्व एशिया और यूरोप तक नेटवर्क जोड़ने की तैयारी की है। नियमित कार्गो उड़ानें शुरू होने के बाद नोएडा एयरपोर्ट पर मजबूत एयर कार्गो इकोसिस्टम बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा। एयर इंडिया सेट्स ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लगभग 80 एकड़ में कार्गो हब तैयार किया है। यहां से कार्गो की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुविधाएं मिलेंगी। 

पहले चरण में कार्गो की वार्षिक क्षमता 2.55 लाख मीट्रिक टन है। यहां कार्गो टर्मिनल, वेयरहाउस, ट्रकिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल मैनेजमेंट सिस्टम तैयार किया गया है। इसमें फ्रेट फॉरवार्डर्स के लिए वेयरहाउस सुविधा, कंसोलिडेशन सेंटर, ट्रकाें की आवाजाही, डिजिटल शिपमेंट जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।

 

Noida International Airport : वही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से मंगलवार को दो नए शहरों के लिए उड़ानें शुरू हो गईं। अकासा एयर ने नवी मुंबई और इंडिगो ने जम्मू के लिए उड़ानें शुरू की। अकासा नोएडा एयरपोर्ट से विमान शुरू करने वाली दूसरी एयरलाइंस है। अकासा एयर ने नवी मुंबई और बेंगलुरु के लिए उड़ानें शुरू की हैं। एयरलाइंस की पहली उड़ान नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से रवाना हुई और नोएडा एयरपोर्ट पहुंची। इसके बाद नोएडा एयरपोर्ट से अकासा की पहली उड़ान रवाना हुई और नवी मुंबई पहुंची। एयरलाइंस ने केक काटकर पहली उड़ान की शुरुआत की। अकासा एयर की मुख्य शासन और रणनीतिक अधिग्रहण अधिकारी प्रिया मेहरा ने बताया कि नोएडा एयरपोर्ट से संचालन शुरू करना कंपनी की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह नया एयरपोर्ट एनसीआर और आसपास के राज्यों के यात्रियों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी के बड़े अवसर प्रदान करेगा।

इस अवसर पर यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड के वाइस चेयरमैन क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने कहा कि अकासा एयर का आगमन यात्रियों और पूरे क्षेत्र के लिए कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे यात्रियों को अधिक उड़ान के विकल्प मिलेंगे और उत्तर प्रदेश और उत्तरी भारत में आर्थिक विकास तथा बेहतर संपर्क को बढ़ावा मिलेगा।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बेंगलुरु, हैदराबाद, अमृतसर, जम्मू और नवी मुंबई के लिए रोजाना विमान सेवा मिलेगी। दोनों एयरलाइंस अपनी-अपनी समय सारिणी जारी कर चुकी हैं। हालांकि, एक जुलाई से 11 नए शहरों के लिए भी उड़ानें शुरू हो जाएंगी। इसके बाद नोएडा एयरपोर्ट से प्रतिदिन 28 विमान उड़ान भरेंगे। खास बात यह होगी कि अब एयरपोर्ट से दिन और रात दोनों ही समय फ्लाइट मिल सकेंगी। एयरपोर्ट कैट-3 जैसे उपकरणों से लैस है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मरम्मत, रखरखाव ओवरहाल (एमआरओ) हब की जिम्मेदारी भी अकासा एयर को सौंपी गई है। इसके लिए कंपनी का यापल के साथ समझौता हो चुका है। कंपनी दूसरे चरण के अधिग्रहीत कुल 1365 हेक्टेयर जमीन पर एमआरओ बनाएगी, यह एमआरओ हब 40 एकड़ में होगा। इसके बनने के बाद एयरपोर्ट पर ही यात्री विमानों की मरम्मत हो सकेगी। फिलहाल इस सुविधा के लिए भारत को चीन समेत अन्य देशों पर निर्भरता है।