Noida News : सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वाले दो अकाउंट के संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Jul 23, 2026 - 23:00
Noida News : सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वाले दो अकाउंट के संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
Symbolic Image

Noida News : सोशल मीडिया के जरिए भ्रामक सामग्री प्रसारित कर व्यवस्था प्रभावित करने और अराजकता के आरोप में दो सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों के खिलाफ आज दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस आयुक्त साइबर क्राइम श्रीमती शैव्या गोयल ने बताया कि पहला मामला इंस्टाग्राम पर संचालित जंतर-मंतर लाइव 24 सच की बात जेन जेड नामक अकाउंट से जुड़ा है। इस अकाउंट से एक वीडियो साझा कर दावा किया गया कि सेक्टर-63 में 45 हजार से अधिक श्रमिक वेतन वृद्धि की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, जिससे सेक्टर-63 और चिल्ला बॉर्डर पर यातायात प्रभावित है। पुलिस ने जांच के बाद इस दावे को निराधार बताया। अधिकारियों के अनुसार, नोएडा में इस तरह का कोई श्रमिक आंदोलन नहीं चल रहा है और संबंधित पोस्ट पूरी तरह भ्रामक है।

उन्होंने बताया कि दूसरा मामला इंस्टाग्राम के चर्चा जंक्शन न्यूज और एक्स हैंडल ट्रूथफुल क्रिटिकल अकाउंट के खिलाफ दर्ज किया गया है। इन प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो साझा कर पुलिसकर्मियों के व्यवहार पर सवाल उठाए गए और लोगों से इस पर प्रतिक्रिया देने की अपील की गई। पुलिस का कहना है कि वीडियो की सत्यता, समय और घटनास्थल की पुष्टि किए बिना उसे इस तरह प्रस्तुत किया गया, जिससे पुलिस की छवि प्रभावित हो और लोगों के बीच गलत संदेश पहुंचे। डीसीपी ने बताया कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर भ्रामक तथ्य तैयार करने और लोगों को उकसाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है।