Noida News : रोडरेज में सियाचिन में तैनात जवान के साथ मारपीट कर नाक काटी, दो गिरफ्तार
Noida News : बाइक टकराने के विवाद में आधा दर्जन लोगों ने भारतीय सेना में तैनात एक फौजी 7 साथ मारपीट कर उसकी नाक काट ली। उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
थाना जेवर के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि जनपद अलीगढ़ के रहने वाले रॉकी तालान बुधवार की शाम को बाइक पर सवार होकर जेवर कस्बे में आए थे। वह आर एंड आर टाउनशिप के पास से गुजर रहे थे, तभी कुछ युवकों की मोटरसाइकिल उनकी बाइक से टकरा गई। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहा सुनी हो गई। मौके पर आए आधा दर्जन लोगों ने रॉकी तालान के साथ मारपीट की और उनकी नाक काट ली। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उन्होंने बताया कि उपचार के बाद आज अस्पताल से उनको छुट्टी दे दी गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आसिफ, अनीश, चांद, यूनुस, मोहम्मद हनी सहित आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि पीड़ित जवान सियाचिन में तैनात है, तथा वह मौजूदा समय में छुट्टी पर घर आए है।

