Dadri News : पुलिस मुठभेड़ में तीन शातिर लुटेरे गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
Dadri News : थाना दादरी पुलिस ने बृहस्पतिवार की देर रात को एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान तीन शातिर लुटेरों को को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली एक बदमाश के पैर में लगी है। इनके पास से पुलिस ने देशी तमंचा, कारतूस, चाकू ,लूटा हुआ हीरे का लॉकेट, सोने की चेन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, चार जोड़ी बिछिया, चांदी के सिक्के ,40 हजार रुपए नगद आदि बरामद किया है।
अपर पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि थाना दादरी पुलिस बृहस्पतिवार की देर रात को बैरियर लगाकर चेकिंग कर रही थी, तभी बाइक पर सवार होकर दो बदमाश आते हुए दिखाई दिए। उन्होंने बताया कि शक होने पर पुलिस ने बदमाशों को रूकने का इशारा किया। बदमाश रुकने की बजाए वहां से पुलिस पर गोली चलाकर भागने लगे। उन्होंने बताया की जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली आलम पुत्र नबीदद निवासी गुलावठी जनपद बुलंदशहर उम्र 21 वर्ष के पैर में लगी। उन्होंने बताया कि इसके दो साथी रात के समय अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए, जिनका पीछा करके पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान उन्होंने अपना नाम सद्दाम पुत्र नज्जू निवासी गुलावठी बुलंदशहर उम्र 20 वर्ष तथा जिसान पुत्र नौशाद निवासी गुलावठी जनपद बुलंदशहर उम्र 20 वर्ष बताया। उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने देशी तमंचा, कारतूस, चाकू, लूटा हुआ हीरे का लॉकेट, सोने की चेन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, चोरी के चार जोड़ी बिछिया, दो चांदी के सिक्के,40 हजार रुपए नगद आदि बरामद हुआ है। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि इन बदमाशों ने 17 जुलाई को थाना सूरजपुर क्षेत्र से एक महिला के गले से सोने की चेन और डायमंड का लॉकेट छिना था। उन्होंने बताया कि इसके अलावा इन बदमाशों ने कई जगहों पर लूटपाट और चोरी की वारदातें करनी स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि इनके खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं।

