Noida News : महिला समेत चार लोगों को साइबर अपराधियों ने बनाया शिकार, करीब 31 लाख रुपए की ठगी
Noida News : नोएडा के विभिन्न जगहों पर रहने वाले चार लोगों को साइबर अपराधियों ने अपना शिकार बनाकर उनसे लाखों रुपए की ठगी कर ली है। साइबर अपराधियों ने किसी को शेयर मार्केट में इन्वेस्ट करने, किसी को फर्जी मेल भेज कर और किसी को धमका कर ठगी की है।
पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम प्रीति यादव ने बताया कि आज सुबह को भूस्वामी चतुर्वेदी निवासी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि सेक्टर 8 मे उनकी कंपनी है। उनकी कंपनी को उनके सप्लायर द्वारा एक मेल भेजा गया। जिसमें उन्होंने एक खाता नंबर दिया और कहा कि इसमें आप रुपए डाल दो। उन्होंने अपने सप्लायर का विवरण समझकर उसमें 8 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिया। लेकिन जब उन्होंने अपने सप्लायर से बात की तो पता चला कि उनके खाते में रकम नहीं आई। पीड़ित के अनुसार साइबर अपराधियों ने उन्हें उनके सप्लायर की मेल के नाम से डुप्लीकेट मेल तैयार करके फर्जी मैसेज भेजा तथा रकम अपने खाते में ट्रांसफर करवा ली। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उन्होंने बताया कि एक अन्य मामले में हिमानी जोशी निवासी ग्रेटर नोएडा ने बीती रात को साइबर क्राइम पुलिस से शिकायत की है कि कुछ लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें धमकी दी। महिला के अनुसार वह डर गई तथा उन्होंने उनके बताए हुए खाते में 7 लाख 95 हजार 204 रूपए ट्रांसफर कर लिया। उन्होंने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
डीसीपी ने बताया कि बीती रात को शशिकांत शर्मा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने शेयर मार्केट में इन्वेस्ट करने के नाम पर उन्हें अपने जाल में फंसाया तथा उनसे धोखाधड़ी करके 10 लाख रुपए की ठगी कर ली। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज का पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उन्होंने बताया कि एक अन्य मामले में प्रशांत सागर ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने शेयर मार्केट में इन्वेस्टमेंट करने के नाम पर उनसे 5 लाख 24 हजार रुपए की ठगी कर ली है। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

