Greater Noida News : मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
Greater Noida News : थाना बिसरख पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच आज रात को मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसके साथी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए बदमाश बंद घरों में चोरी करते थे। पुलिस ने उनके पास से चोरी का सामान और एक बाइक बरामद की है।
DCP Central Noida : डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि थाना बिसरख पुलिस आज रात को रोजा गोलचक्कर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान छपरौला रेलवे पुल की तरफ से एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध आते हुए दिखाई दिए।पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने रुकने के बजाय बाइक वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल की पहचान जितेंद्र उर्फ जीतू निवासी ग्राम बरखैड़ा, थाना कुरावली, जिला मैनपुरी, हाल निवासी ग्राम भूड़ा नोएडा के रूप में हुई। वहीं, उसके साथी पिंटू निवासी छतरपुर, थाना कुरावली, जिला मैनपुरी, हाल निवासी जय विहार एक्सटेंशन, पश्चिमी दिल्ली को पुलिस ने कांबिंग के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों ने बिसरख क्षेत्र में चोरी की दो घटनाओं को अंजाम दिया था। पहली घटना 27 अगस्त 2026 की है, जब आरोपियों ने सीएचसी बिसरख परिसर स्थित एक बंद फ्लैट का ताला तोड़कर उसमें रखे आभूषण चोरी किए थे। दूसरी घटना 13 अक्टूबर 2026 को ग्राम रोजा जलालपुर की एक कॉलोनी में हुई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बंद मकान का ताला तोड़कर वहां से आभूषण और नकदी चोरी की थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए आभूषण और अन्य सामान बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक बाइक भी बरामद की है। यह बाइक आरोपियों ने चोरी के गहने बेचकर खरीदी थी। पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी जितेंद्र उर्फ जीतू का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ दिल्ली, बुलंदशहर, हाथरस, कासगंज और एटा सहित विभिन्न थानों में चोरी, लूट, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं।

