Noida News : सिरफिरा युवक गिरफ्तार, सड़क पर जा रही महिलाओं के ऊपर नुकीले हथियार से करता था वार

May 23, 2026 - 19:01
Noida News : सिरफिरा युवक गिरफ्तार, सड़क पर जा रही महिलाओं के ऊपर नुकीले हथियार से करता था वार
सिरफिरा युवक गिरफ्तार, सड़क पर जा रही महिलाओं के ऊपर नुकीले हथियार से करता था वार

Noida News : स्कूटी सवार एक सिरफिरे युवक ने रास्ते में जा रही दो युवतियों के ऊपर नुकीले हथियार से हमला कर घायल कर दिया। घटनाओ की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तारकर लिया है। पुलिस के मुताबिक यह सनकी टाइप का व्यक्ति है। आरोपी नोएडा के सेक्टर 62 स्थित एक कंपनी में काम करता है।

Police Station Sector 58 Noida News : थाना सेक्टर 58 के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि आशी कुमार पुत्र दिनेश कुमार मूल निवासी जनपद उन्नाव ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह सेक्टर 56 के एक पीजी में रहती हैं। उनके अनुसार वह एक कॉलेज से पढ़ाई कर रही हैं। पीड़िता के अनुसार जब वह डीएवी स्कूल के पास से जा रही थी तभी एक स्कूटी पर सवार होकर आए युवक ने उनके पीछे से किसी नुकीली धारदार हथियार से उनकी कमर के नीचे अचानक वार कर दिया। इस घटना में उन्हें गंभीर चोट आई। आरोपी मौके से भाग गया।

 

उन्होंने बताया कि एक अन्य मामले में आशा भंडारी ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह सेक्टर 22 में रहती हैं। उनके अनुसार 21 मई को वह अपने ऑफिस मयूर विहार से वापस घर जा रही थी, तभी स्कूटी पर सवार होकर आए अज्ञात व्यक्ति ने पीछे से नुकीली धारदार वस्तु से उनके कमर के नीचे मारकर उन्हें घायल कर दिया। 

अपर पुलिस उपायुक्त श्रीमती मनीषा सिंह ने बताया कि इस मामले में कार्रवाई करते हुए थाना सेक्टर 58 पुलिस ने शनिवार को उक्त घटना को अंजाम देने वाले आरोपी अंकित वर्मा पुत्र राजेश वर्मा निवासी खोड़ा कॉलोनी उम्र 26 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया है। इसके पास से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कूटी, एक कैंची बरामद की है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी सेक्टर 62 मे स्थित एक निजी कंपनी में एग्जीक्यूटिव के पद पर काम कर रहा है। वह सनकी टाइप का व्यक्ति है। आरोपी रास्ते पर चल रही महिलाओं और लड़कियों के पीछे से जाकर कैंची से वार करके घायल कर देता है।