Noida News : छत पर सो रहे परिवार के चार लोगों पर सिरफिरे व्यक्ति ने धारदार हथियार से किया हमला, एक की मौत, तीन घायल
Noida News : थाना फेस- वन क्षेत्र के सेक्टर पांच स्थित हरौला गांव में रहने वाले एक परिवार के चार लोगों के ऊपर शनिवार की देर रात को एक सिरफिरे ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस घटना में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए उनको एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। इस घटना में घायल तीन लोगों का उपचार चल रहा है।
Police Station Phase 1 Noida News : पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि हरौला गांव में सुरेंद्र शर्मा पुत्र नंदलाल शर्मा उम्र 42 वर्ष, अपनी पत्नी संजू देवी 40 वर्ष तथा दो बेटियों ज्योति 19 वर्ष, जूली 14 वर्ष के साथ रहते है। शनिवार की रात को वह अपने मकान की छत पर परिवार सहित सो रहे थे। उन्होंने बताया कि शनिवार की देर रात करीब दो बजे उनके पड़ोस में रहने वाले हर नाम नामक व्यक्ति छत पर सो रहे परिवार के पास गया। उसने धारदार हथियार से उनके ऊपर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि इस घटना में सुरेंद्र शर्मा, उनकी पत्नी और दोनों बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें उपचार के लिए एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उपचार के दौरान श्रीमती संजू देवी 40 वर्ष की मौत हो गई। सुरेंद्र शर्मा तथा उनकी दोनों बेटियों की हालत नाजुक बनी हुई है। उनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। वह फरार है। इस घटना के चलते हरौला गांव में सनसनी फैल गई है। आसपास के लोगों के अनुसार आरोपी एक एयर कंडीशन रिपेयरिंग सेंटर की दुकान पर काम करता था। कुछ लोगों ने बताया की आरोपी हरनाम सनकी टाइप का व्यक्ति है। यह घटना क्यों हुई, पुलिस इस बात का पता लग रही है।

