Greater Noida News : बेवफाई के चलते प्रेमी ने की किन्नर की हत्या
Greater Noida News : थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में हुई किन्नर की हत्या के मामले में पुलिस को अहम सुराग मिला है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि किन्नर की बेवफाई के चलते उसके प्रेमी ने उसकी हत्या की थी। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।
अपर पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार पाठक ने बताया कि थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के तुगलपुर गांव में रहने वाली एक महिला ने रविवार की रात को पुलिस को सूचना दी की उनके मकान में रहने वाले किन्नर की हत्या हुई है। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने जब जांच की तो पता चला कि मृतक का नाम मनोरंजन शर्मा उर्फ चांदनी है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि उसके साथ मानव उर्फ अभिषेक रहता था। दोनों एक दूसरे को प्रेम करते थे। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान यह भी पता चला है कि चांदनी के किसी और व्यक्ति से भी संबंध बन गए थे। इस बात को लेकर अभिषेक और उसके बीच कई बार झगड़ा हो चुका है। उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन अभिषेक शराब पीकर आया तथा उसने चांदनी के साथ मारपीट की। उसने चांदनी के सिर को दीवार में मारा। जिसकी वजह से उसके सिर में चोट लगी और ज्यादा रक्तस्राव होने के चलते उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि आरोपी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

