Noida News : पच्चास हजार रुपए के इनामी गो- तस्कर को यूपी एसटीएफ ने किया गिरफ्तार

Mar 10, 2026 - 23:02
Noida News : पच्चास हजार रुपए के इनामी गो- तस्कर को यूपी एसटीएफ ने किया गिरफ्तार
पच्चास हजार रुपए के इनामी गो- तस्कर को यूपी एसटीएफ ने किया गिरफ्तार

Noida News : उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) नोएडा यूनिट ने गो-तस्करी के एक मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आरिफ हुसैन निवासी मुरादाबाद के रूप में हुई है। आरोपी चंदौली में दर्ज मुकदमे में वांछित चल रहा था।

UP STF Noida Unit News : एसटीएफ (नोएडा यूनिट) के अपर पुलिस अधीक्षक राज कुमार मिश्र ने बताया कि टीम को सूचना मिली कि गो-तस्करी के मामले में वांछित 50 हजार रुपये का इनामी अपराधी आरिफ हरियाणा के सोनीपत औद्योगिक क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना के बाद एसटीएफ की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी लंबे समय से गो-तस्करी के संगठित गिरोह से जुड़ा हुआ था। आरोपी के खिलाफ जनपद चंदौली के थाना कोतवाली में मामला दर्ज है। आरोपी के नेटवर्क और उसके अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

 पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके मोहल्ले का रहने वाला हसीब नाम का व्यक्ति पहले से ही गो-तस्करी का काम करता था। उसी के संपर्क में आने के बाद उसने भी इस अवैध कारोबार में कदम रखा। आरिफ ने इस काम को व्यवस्थित तरीके से चलाने के लिए अपने नाम से एक कंटेनर खरीदा था। इसी कंटेनर में गोवंश को भरकर विभिन्न राज्यों में तस्करी के लिए भेजा जाता था। एक मामले में जनपद चंदौली पुलिस ने उसके ऊपर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।