Noida News : स्नातक के छात्र पर जानलेवा हमला करने के दो आरोपी गिरफ्तार

Jan 12, 2026 - 19:45
Noida News : स्नातक के छात्र पर जानलेवा हमला करने के दो आरोपी गिरफ्तार
स्नातक के छात्र पर जानलेवा हमला करने के दो आरोपी गिरफ्तार

Noida News : थाना सेक्टर-63 पुलिस ने चोटपुर कॉलोनी निवासी एक छात्र पर सात जनवरी को चाकू से जानलेवा हमला कर घायल करने वाले दोनों युवकों को सोमवार की शाम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके पास से एक चाकू भी बरामद किया। घटना के बाद से दोनों फरार चल रहे थे।

Police Station Sector 63 Noida News : थाना सेक्टर 63 के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार काकरान ने बताया कि सेक्टर-63 के चोटपुर कॉलोनी में संगम तिवारी परिवार संग रहता है। वह स्नातक का छात्र है। वह सात जनवरी की सुबह करीब नौ बजे कोचिंग जा रहा था। इसी दौरान दो युवकों श्रीकांत और राज सिंह ने मारपीट कर संगम को चाकू से वार कर घायल कर दिया। घटना की सूचना सेक्टर-63 थाने की पुलिस को मिली तो पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी फरार हो चुके थे।

परिजनों ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया और मामले में केस दर्ज कराया। पुलिस के मुताबिक श्रीकांत और राज सिंह दोनों चचेरे भाई हैं। श्रीकांत की बहन से घायल छात्र की दोस्ती है। दोनों एक ही कोचिंग में पढ़ते हैं। इस बात से नाराज श्रीकांत ने अपने चचेरे भाई राज सिंह के साथ मिलकर पीड़ित पर हमला किया था। दोनों बिहार के सिवान जिले के निवासी हैं। मौजूदा समय मे वे अपने परिवार संग नोएडा में रहते हैं। दोनों अभी पढ़ाई कर रहे हैं। वहीं, घायल छात्र को इलाज के बाद अस्पताल से आज छुट्टी मिल गई है।