Ghaziabad News : नाबालिक बेटी को ढूंढने में पुलिस रही नाकाम, मां ने जहरीला पदार्थ खाकर की आत्महत्या, परिजनों ने थाने पर किया हंगामा

Oct 3, 2026 - 19:59
Ghaziabad News : नाबालिक बेटी को ढूंढने में पुलिस रही नाकाम, मां ने जहरीला पदार्थ खाकर की आत्महत्या, परिजनों ने थाने पर किया हंगामा
थाने के बाहर शव रखकर विरोध प्रदर्शन करते परिजन

Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के थाना टीला मोड़ क्षेत्र से एक 14 वर्षीय किशोरी एक सप्ताह पूर्व लापता हो गई थी। उसके परिजनों ने थाने में इस बाबत मुकदमा दर्ज करवाया है। बेटी के बरामद नहीं होने से परेशान उसकी मां ने शुक्रवार रात को जहरीला पदार्थ खा लिया। उसको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उपचार के दौरान आज उसकी मौत हो गई। इस घटना से नाराज परिजनों ने शव को टीला मोड़ थाने के सामने रखकर सड़क जाम कर दिया। परिजनों ने पुलिस पर किशोरी को तलाशने में गंभीरता नही दिखाने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के चलते महिला ने आत्महत्या किया है।

परिजनों के अनुसार, किशोरी 27 सितंबर को घर से लापता हुई थी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस ने किशोरी की गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की थी। हालांकि, परिजन पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं थे। पुलिस के अनुसार, महिला ने सामाजिक अपमान और बेटी के लापता होने से परेशान होकर यह कदम उठाया। 

पुलिस के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाने का प्रयास किया। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह के अनुसार, किशोरी के 27 सितंबर को लापता होने की सूचना पर गुमशुदगी दर्ज की गई थी। पुलिस की टीमें उसकी तलाश के लिए काम कर रही हैं। पुलिस किशोरी की तलाश के साथ महिला की मौत के मामले की भी जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।