Noida News : फ्लैटो का ताला तोड़कर चोरी करने वाले तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार , लाखों रुपए कीमत के जेवरात, नगदी बरामद

Nov 19, 2026 - 18:42
Noida News : फ्लैटो का ताला  तोड़कर चोरी करने वाले तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार , लाखों रुपए कीमत के जेवरात, नगदी बरामद

Noida News  : थाना सेक्टर 49 पुलिस ने एक सूचना के आधार पर तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके पास से सेक्टर 50 स्थित दो फ्लैटों से चोरी किए हुए लाखों रुपए कीमत के जेवरात, नगदी आदि बरामद किया है। इनके खिलाफ पूर्व में एनसीआर के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज है। इन बदमाशों ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा सहित कई राज्यों में वारदातें की हैं।

 

पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) प्रीति यादव ने बताया कि 13 अक्टूबर को सेक्टर 50 के दी क्रीसेंट अपार्टमेंट सोसाइटी में रहने वाले नितिन ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके और उनके पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति के घर का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाशों ने लाखों रुपए कीमत के जेवरात, नगदी, घड़ी आदि चोरी कर लिया है। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जूटी। पुलिस की चार टीमों का गठन किया गया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने लगभग 400 कैमरे को चेक किया तथा सर्विलांस की मदद से घटनास्थल के आसपास करीब 4,000 फोन नंबरों का विश्लेषण किया। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा सभी हाईवे व जनपद के बॉर्डर पर लगे सीसीटीवी कैमरे को चेक किया गया। उन्होंने बताया कि एक सूचना के आधार पर थाना सेक्टर 49 पुलिस ने बृहस्पतिवार को वीरेंद्र उर्फ सोनू पुत्र सुल्तान सिंह, सनी उर्फ सोनू पुत्र रोशन लाल तथा जितेंद्र मौर्य उर्फ मुन्ना पुत्र रामविलास को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इनके पास से वैगनआर कार, दो फर्जी नंबर प्लेट, सोने के 100 ग्राम के बिस्किट, चांदी के 2 किलो की सिल्ली, सोने -चांदी के जेवरात, नगदी तथा ताला तोड़ने में प्रयोग होने वाले औजार बरामद किया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों में जितेंद्र मौर्य के खिलाफ पूर्व में सात, सनी के खिलाफ पूर्व में चार तथा वीरेंद्र के खिलाफ पूर्व में तीन मुकदमे दर्ज हैं।