Noida News : बड़े बाप के नाम पर नहीं, जनता के बीच काम पर - विधान सभा टिकट को लेकर भाजपा नेताओं में बैनरवाद, सड़क पर उतरी लड़ाई
Noida News : उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव जैसे -जैसे नजदीक आ रहा है वैसे-वैसे सत्तारूढ पार्टी "भाजपा" के नेताओ में टिकट को लेकर आपसी द्वंद शुरू हो गया है। आलम यह है कि अब यह लड़ाई बैनर के जरिए सड़क पर उतर आई है।
भाजपा के बरिष्ठ नेता प्रशांत त्यागी ने आजकल नोएडा के विभिन्न चौराहों पर एक बैनर लगाया है। जिसमें उन्होंने लिखा है कि "बड़े बाप के नाम पर नहीं, जनता के बीच काम पर" जनता के बीच से निकला, जनता के लिए समर्पित, भाजपा का एक सामान्य सा कार्यकर्ता आपके विश्वास को अपनी ताकत बनाकर नोएडा विधानसभा क्षेत्र- 61 में जनता की सेवा हेतु प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से अपने प्रति आशीर्वाद मांगा है। यह बैनर आजकल शहर में चर्चा का विषय बना है। क्योंकि जिन नेता ने यह बैनर लगाया है वह भाजपा के बड़े नेता के खांसे नजदीकी हैं, तथा एक पूर्व बाहुबली सांसद की बेटी के कट्टर समर्थक बताए जाते हैं। पूर्व सांसद की बेटी भी नोएडा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ना चाह रही है।
भाजपा सूत्रों के अनुसार बैनर वाद के सहारे स्थानीय विधायक के ऊपर कटाक्ष किया जा रहा है। भाजपा नेताओं का कहना है कि विधायक का जनता से सीधे संपर्क नहीं है। वह किसी भी कार्यकर्त्ता, नेता और जनता से सीधे फोन पर बात नही करते हैं। भाजपा के बड़े से बड़े नेताओं के पास उनका निजी फोन नंबर नहीं है। उनसे संपर्क उनके सहायक के द्वारा ही किया जा सकता है। एक भाजपा नेता ने नाम न छापने के शर्त पर बताया कि अगर वह भाजपा के बड़े नेता के बेटे नहीं होते तो शायद उन्हें नोएडा विधानसभा सीट पर टिकट नहीं मिलता। एक नेता ने तो यहां तक कहा कि अगर उन्हें भाजपा से टिकट नहीं मिला तो उनकी जमानत जप्त हो जाएगी। भाजपा के कुछ नेताओं का कहना है कि वर्तमान विधायक को कुछ ऐसे लोगों ने घेर लिया है जो उन्हें कार्यकर्ताओं और आम जनता से दूर कर रहे हैं। ये लोग अपना उल्लू सीधा करने के लिए आम जनता और विधायक के बीच दूरी पैदा कर रहे हैं। विधायक के आसपास रहने वाले एक बदनाम नेता को लेकर लोगों ने यहां तक कहा कि कुछ समय पूर्व तक रोटी के लिए मोहताज नेता ने अभी हाल ही में करोड़ों रुपए कीमत की लग्जरी कार खरीदी है। इस नेता ने सत्ता के बल पर अपने परिवार के लोगों की जमीन हड़प ली। आलम यह था कि एसडीएम और थानेदार ने खुद बैठकर जमीन पर कब्जा करवाया।
बताया जाता है कि विधायक को घेरने के लिए कई तरह से जाल बुने जा रहे हैं। वैश्य समाज से संबंध रखने वाले और पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता भी नोएडा विधानसभा सीट पर अपनी दावेदारी ठोक रहे हैं। उनके समर्थन में वैश्य समाज ने एक बड़ी पंचायत करके उनको टिकट देने की मांग की। इस बैठक में वैश्य समाज से संबंध रखने वाले विभिन्न पार्टियों के लोगों ने कहा कि अगर मनोज गुप्ता चुनाव लड़ते हैं तो वे उनका खुलकर समर्थन करेंगे। मनोज गुप्ता भी लगातार लोगों से संपर्क कर रहे हैं। बताया जाता है कि नोएडा विधानसभा सीट पर सबसे ज्यादा वैश्य समाज के मतदाता है। इसके अलावा शिक्षा क्षेत्र से जुड़े हुआ एक ब्राह्मण चेहरा भी आजकल चर्चाओं में है। वह काफी समय तक आरएसएस और भाजपा से जुड़े रहे हैं, लेकिन वर्तमान समय में वह भी उत्तर प्रदेश की एक बड़ी पार्टी से नोएडा विधानसभा सीट पर अपनी दावेदारी ठोक रहे हैं। चर्चा है कि भाजपा का कोर वोटर (ब्राह्मण) और शहरी क्षेत्र के मतदाता उनके चुनाव लड़ने से भाजपा से इतर जा सकता है। उनकी दावेदारी को लेकर भी चर्चा है कि उन्हें भाजपा के ही कुछ नेता पीछे से बल दे रहे हैं। भाजपा के एक बड़े नेता ने समाजवादी पार्टी के एक बड़े नेता से उनकी मुलाकात करवाकर सपा सुप्रीमों अखिलेश यादव से आशीर्वाद दिलवाया है। शहर में चर्चा यह भी है कि यह नेता आजकल सामाजिक कार्यों के माध्यम से जनता के बीच अपनी पैंठ बना रहे हैं। हालांकि अभी वह जनता के बीच अपनी लोकप्रियता हासिल करने मे विफल रहे हैं। उनके द्वारा करवाए गए एक सामाजिक कार्य को लोगों ने सिरे से खारिज कर दिया। उनकी सक्रियता ने भी कई भाजपा और सपा नेताओं की नींद उड़ा दी है।बैनर वाद को जन्म देने वाले नेता भाजपा के पूर्व महानगर उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने हाल ही में भंगेल गांव में भाजपा के भूले बिसरे और पुराने कार्यकर्ताओं का एक सम्मान एवं मिलन समारोह कर भाजपा मे हलचल मचा दी है। चर्चा है कि भाजपा की कुछ बड़े नेता बैनरवाद के इस युद्ध को रोकने का प्रयास कर रहे हैं।

