Greater Noida News : प्रभारी मंत्री ने की कानून व्यवस्था, राजस्व एवं विकास कार्यों की समीक्षा
Noida News : जनपद गौतम बुद्ध नगर के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कानून व्यवस्था, राजस्व एवं विकास कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। राज्य मंत्री ने आय जाति प्रमाण पत्र समेत अन्य जुड़ी विभिन्न राजस्व सेवाओं को पारदर्शी, सरल एवं समयबद्ध बनाने के निर्देश दिए।उन्होंने आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान गोल्डन कार्ड, नियमित टीकाकरण, एम्बुलेंस सेवाओं तथा स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बनाने तथा स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के आदेश दिए। सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता एवं उपलब्धता पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
जिले में सड़क निर्माण, मरम्मत एवं चौड़ीकरण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के आदेश दिए। जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लक्ष्य को प्राथमिकता से पूरा करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने निर्बाध विद्युत आपूर्ति से लेकर शिक्षा, उद्यान, आपूर्ति समेत अन्य विभागों के अधिकारियों से भी योजनाओं की प्रगति के बारे में जाना। इस दौरान बैठक में सांसद डॉ. महेश शर्मा, दादरी विधायक तेजपाल नागर, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह और अधिकारीगण मौजूद रहे।

