Noida News : डबल डेकर बस में आग लगने की घटना को सोशल मीडिया पर भ्रामक रूप से प्रसारित करने वाली युवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Sep 25, 2026 - 11:13
Noida News : डबल डेकर बस में आग लगने की घटना को सोशल मीडिया पर भ्रामक रूप से प्रसारित करने वाली युवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज
Symbolic Image

Noida News : थाना जेवर क्षेत्र में डबल डेकर एसी बस में आग लगने की घटना को सोशल मीडिया पर बढ़ा -चढ़ाकर प्रसारित करने तथा इस घटना के पीछे आरएसएस और बीजेपी के लोगों का हाथ होने का दावा करने वाले 'एक्से हैंडल के संचालिक एक युवती के खिलाफ थाना साइबर क्राइम में एक उप निरीक्षक ने आज मुकदमा दर्ज करवाया है।

 

पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने बताया कि उपनिरीक्षक सुमित कुमार ने आज सुबह को साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि यमुना एक्सप्रेसवे पर एक डबल डेकर बस में कल आग लग गई थी। जिसमें नौ लोगों की जलकर या दम घुटने से मौत हो गई थी। इस मामले में सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' के संचालिका रूमा खातून नामक युवती ने इसको अपने एक्स पर बढ़ा- चढ़ाकर प्रसारित किया। उन्होंने कहा कि यमुना एक्सप्रेसवे पर भाजपा और आरएसएस के लोगों ने बस में आग लगा दी है। कम से कम 30 यात्रियों की मौत हुई है। सभी मुस्लिम और ईसाई यात्री थे। यह भाजपा और आरएसएस की संस्कृति है।

 उसने भारत के प्रधानमंत्री के प्रति भी अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया है। उन्होंने बताया कि यह बस कश्मीरी गेट दिल्ली से महोबा जनपद जा रही थी। इसका नोएडा में कोई स्टॉपेज नहीं था। उन्होंने बताया कि पोस्ट कर्ता द्वारा उक्त पोस्ट को भ्रामक रूप से प्रसारित किया गया जो की पूर्णतः असत्य वह भ्रामक है। इस कारण कानून व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना पैदा हो गई। उन्होंने कहा कि पोस्ट कर्ता ने एक सुनियोजित ढंग से झूठी व भड़काऊ सूचना का प्रसारण कर जन सामान्य में भय, आक्रोश और राज्य प्रशासन के प्रति अविश्वास की भावना उत्पन्न करने का प्रयास किया। आमजन को हिंसा, उपद्रव या कानून हाथ में लेने के लिए उकसाया। जिससे वास्तविक रूप से लोक शांति भंग होने की स्थिति को नकारा नहीं जा सकता। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।