Noida News : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को मिला एयरोड्रम लाइसेंस, उड़ान के लिए तैयार हुआ हवाई अड्डा

Mar 6, 2026 - 19:12
Noida News : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को मिला एयरोड्रम लाइसेंस, उड़ान के लिए तैयार हुआ हवाई अड्डा
File Photo : Noida International Airport

Noida News : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) परियोजना को आज एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली है। एयरपोर्ट को एयरोड्रम लाइसेंस मिल गया है। कल एयरपोर्ट को ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी की ओर से सिक्योरिटी वेटिंग क्लीयरेंस मिला था। 

Noida International Airport News : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि शुक्रवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को एयरोड्रम लाइसेंस मिल गया है। उन्होंने बताया कि यह लाइसेंस मिलने के बाद अब नोएडा एयरपोर्ट उड़ान के लिए तैयार है। यहां से विमानो का उड़ान और लैंडिंग शुरू की जा सकेगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही एयरपोर्ट का उद्घाटन होगा। उनके अनुसार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री भारत के प्रधानमंत्री से कार्यक्रम लेंगे। उसके बाद एयरपोर्ट का उद्घाटन होगा।

 

उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। जैसे ही प्रधानमंत्री का कार्यक्रम मिलेगा इसका उद्घाटन होगा। उन्होंने बताया कि यहां से एयर इंडिया ,आकाशा और इंडिगो ने उड़ान भरने के लिए समझौता किया है। उन्होंने बताया कि एयरोड्रम लाइसेंस मिलने के बाद इन एयरलाइंस के लोग यहां पर अपने स्टाफ और अन्य तकनीकी सुविधाओं को लगाना शुरू कर देंगे। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट की सुरक्षा के लिए पहले से ही सीआईएसएफ और यूपी पुलिस तैनात है। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट से अच्छी कनेक्टिविटी देने के लिए विभिन्न मार्गों और साधनों पर कार्य हो रहा है।

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने जेवर एयरपोर्ट को राज्य के सबसे महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट के रूप में विकसित किया है। यह एयरपोर्ट न केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लिए एक महत्वपूर्ण एविएशन हब के रूप में उभर रहा है। इसके शुरू होने से उत्तर प्रदेश में निवेश, पर्यटन, लॉजिस्टिक्स और व्यापार को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। साथ ही हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने बताया कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को कई चरणों में विकसित किया जा रहा है। पूर्ण रूप से विकसित होने के बाद यह देश ही नहीं एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट्स में शामिल हो जाएगा। इसकी क्षमता प्रतिवर्ष करोड़ों यात्रियों को संभालने की होगी और यह उत्तर प्रदेश को वैश्विक एविएशन नेटवर्क से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।